Explore

Search

October 9, 2026 10:43 pm

एसएसपी भोजराम पटेल के नेतृत्व में मुंगेली पुलिस की बड़ी उपलब्धि, 18.32 लाख लोगों को किया साइबर जागरूक

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा ने किया सम्मानित, प्रदेश के आठ पुरस्कृत जिलों में मुंगेली शामिल

‘हर गांव, हर घर’ तक पहुंचाया साइबर सुरक्षा का संदेश, एसएसपी के निर्देशन में चला विशेष अभियान

CBN36 मुंगेली। साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूकता की मुहिम में एसएसपी भोजराम पटेल के नेतृत्व में मुंगेली पुलिस ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक संचालित ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत 18 लाख 32 हजार 13 लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा ने मुंगेली जिले को सम्मानित किया। प्रदेश के आठ पुरस्कृत जिलों में मुंगेली भी शामिल रहा। जिले की ओर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा ने सम्मान प्राप्त किया।

एसएसपी आईपीएस भोजराम पटेल के निर्देशन में पुलिस ने अभियान को गांव-गांव और दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक पहुंचाया। छात्र-छात्राओं, महिलाओं, पुरुषों और बुजुर्गों को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए गए। सभी ग्राम पंचायतों में साइबर जागरूकता की शपथ दिलाकर लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया।

ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए उपाय

अभियान के दौरान लोगों को ओटीपी, बैंक खाते और अन्य गोपनीय जानकारियां किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान कॉल पर भरोसा करने से होने वाले नुकसान के बारे में भी बताया गया। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।

‘पहल’ कार्यक्रम से जारी रहेगी जागरूकता

मुंगेली पुलिस का ‘पहल’ कार्यक्रम साइबर जागरूकता अभियान को लगातार आगे बढ़ा रहा है। एसएसपी भोजराम पटेल ने इस उपलब्धि पर साइबर टीम, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों और जागरूक नागरिकों को बधाई देते हुए उनके सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

एसएसपी भोजराम पटेल ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं जागरूक बनें और दूसरों को भी साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करें, ताकि साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS