अमित शाह की अध्यक्षता में नई दिल्ली में हुई उच्चस्तरीय बैठक, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी रहे मौजूद
CBN36 रायपुर। महानदी के बेहतर जल प्रबंधन और छत्तीसगढ़-ओडिशा के हितों के अनुरूप समाधान तलाशने को लेकर गत दिनों नई दिल्ली में उच्चस्तरीय बैठक हुई। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी शामिल हुए।

https://x.com/vishnudsai/status/2105682192714342827?s=20
बैठक में महानदी के जल के बेहतर प्रबंधन, सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने और दोनों राज्यों के हितों को ध्यान में रखते हुए आगे की दिशा तय करने को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महानदी केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा के जनजीवन, कृषि और संस्कृति से जुड़ी जीवनदायिनी नदी है। यह दोनों राज्यों की समृद्धि का महत्वपूर्ण आधार है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रयास है कि महानदी के जल का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करते हुए दोनों राज्यों में सिंचाई व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए। इससे नई परियोजनाओं के लिए भी संभावनाएं तैयार होंगी। उन्होंने कहा कि जल संसाधनों के समुचित उपयोग से किसानों और आमजन को अधिक लाभ पहुंचाया जा सकता है।
संवाद और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समाधान की कोशिश


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में दोनों राज्यों की सरकारें आपसी संवाद, सहयोग और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ समाधान की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि महानदी से जुड़े विषयों का समाधान आपसी समन्वय और दोनों राज्यों के हितों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
बैठक को महानदी के जल प्रबंधन से जुड़े विषयों पर दोनों राज्यों के बीच समन्वय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
प्रधान संपादक




