Explore

Search

October 2, 2026 6:03 pm

440.63 किलो गांजा जब्त, मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे तस्कर

ओडिशा से उत्तर प्रदेश जा रहा था गांजा, दो आरोपी गिरफ्तार; 2.40 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त

“डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि ऑपरेशन आघात के तहत नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 440.63 किलो गांजा पकड़ना बड़ी सफलता है। गांजा कहां से आया और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसकी कड़ियां जोड़कर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की जांच की जा रही है”

CBN36 जशपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर 440.63 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। तस्करों ने गांजे को मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर टाटा आयशर मिनी ट्रक से ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाने की तैयारी की थी। पुलिस ने वाहन सवार प्रयागराज निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया। 

एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह के अनुसार, 2 अक्टूबर को सुबह करीब नौ बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे टाटा आयशर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को संदेह के आधार पर रोककर जांच की गई। वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों ने अपना नाम मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) बताया। दोनों प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। 

मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपा था गांजा

पुलिस ने वाहन में लदे सामान के संबंध में पूछताछ की तो आरोपियों ने मिर्ची की बोरियां होने की जानकारी दी। संदेह होने पर बोरियों को हटाकर तलाशी ली गई। नीचे रखी बोरियों में टेप से लिपटे पैकेट मिले। पैकेट खोलने पर उनमें गांजा बरामद हुआ। गवाहों की मौजूदगी में की गई जांच में 14 बोरियों से 440 पैकेट गांजा मिला, जिसका कुल वजन 440.63 किलोग्राम निकला। आरोपी गांजे से संबंधित कोई वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सके। 

बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये बताई गई है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है। इस तरह मामले में पुलिस ने कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।

खरीद से लेकर सप्लाई तक नेटवर्क की जांच

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज, उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किससे खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। तस्करी के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक जनवरी 2026 से अब तक जशपुर जिले में गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब आठ करोड़ रुपये कीमत का 1906 किलो गांजा बरामद किया जा चुका है। इन मामलों में 22 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। तस्करी में प्रयुक्त 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किए जा चुके हैं।

कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, सहायक उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की सहित एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि ऑपरेशन आघात के तहत नशे के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस की सतर्कता और बेहतर समन्वय से मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 440.63 किलो गांजा पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि गांजा कहां से खरीदा गया, इसके पीछे कौन लोग हैं और इसे उत्तर प्रदेश में किसे पहुंचाया जाना था, इन सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। 

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS