CBN36 बिलासपुर। विशेष अभियान-6 एवं स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा इंदिरा विहार हेल्थ सेंटर में सफाई मित्रों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया। शिविर में इंदिरा विहार कॉलोनी में कार्यरत संविदा सफाई कर्मियों, जिसमें महिला सफाई कर्मी भी शामिल रहीं, का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर में सफाई कर्मियों की ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ईसीजी, लिपिड प्रोफाइल, किडनी फंक्शन टेस्ट, ब्लड टेस्ट और पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (पीएफटी) समेत विभिन्न जांचें की गईं। चिकित्सकों ने जांच के साथ स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया। जांच रिपोर्ट के आधार पर जरूरत के अनुसार आगे चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी।
स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना उद्देश्य

एसईसीएल की ओर से बताया गया कि शिविर का उद्देश्य स्वच्छता व्यवस्था में अहम भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों को नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना और उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। शिविर में पहुंचे सफाई कर्मियों ने एक ही स्थान पर कई तरह की जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिलने पर पहल की सराहना की।
17 सितंबर से दो अक्टूबर तक चल रहा अभियान

देशभर में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ रखी गई है। इसके तहत सफाईमित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविरों के माध्यम से सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य परीक्षण, सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और पात्र कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने जैसी गतिविधियां की जा रही हैं।
एसईसीएल का यह शिविर भी इसी अभियान का हिस्सा है। वहीं विशेष अभियान-6 का मुख्य कार्यान्वयन चरण 2 से 31 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें स्वच्छता और लंबित मामलों के निपटारे के साथ ई-वेस्ट के प्रभावी संग्रहण, पृथक्करण और निस्तारण पर विशेष जोर दिया जाएगा।
प्रधान संपादक




