Explore

Search

September 24, 2026 11:16 am

लॉटरी में कार जीतने का आया खत, साइबर जागरूकता ने बचाया ठगी से

“सुधीर ने ठगों को नहीं दिए पैसे, 383 युवाओं के बीच एसएसपी भोजराम पटेल ने किया सम्मानित,फर्जी नौकरी और ऑनलाइन जॉब ऑफर के झांसे से बचने की दी सलाह”

CBN36 मुंगेली। डाक से घर पहुंचे एक खत ने ग्राम नवागांव चीनू निवासी सुधीर वर्मा को बताया कि उन्होंने लॉटरी में कार जीत ली है। कार हासिल करने के लिए जब उनसे पैसे जमा करने को कहा गया तो मामला संदिग्ध लगा। गांव में हुए साइबर जागरूकता कार्यक्रम में मिली जानकारी उन्हें याद थी। उन्होंने न पैसे दिए और न ही ठगों के झांसे में आए। साइबर ठगी से बचने की उनकी इसी सतर्कता को बुधवार को एसएसपी भोजराम पटेल ने 383 छात्र-छात्राओं के सामने सम्मानित किया।

यह सिर्फ एक युवक के ठगी से बचने की कहानी नहीं, बल्कि साइबर जागरूकता के असर की मिसाल भी बनी। जमकोर स्थित लाइवलीहुड कॉलेज और आईटीआई कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी ने युवाओं को बताया कि साइबर ठग नौकरी, लॉटरी, इनाम और ऑनलाइन ऑफर जैसे अलग-अलग तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में जानकारी और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।

मोबाइल से बैंक खाते तक, हर जानकारी की सुरक्षा जरूरी

एसएसपी पटेल ने युवाओं को मोबाइल और सिम अपने नाम पर रखने, बैंक खाता, एटीएम, यूपीआई और बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने मोबाइल में मजबूत पासवर्ड और पिन रखने तथा अपना मोबाइल अनजान व्यक्ति को नहीं देने की बात कही।

कार्यक्रम में फर्जी नौकरी के विज्ञापनों और ऑनलाइन जॉब ऑफर के जरिए होने वाली ठगी पर भी विशेष रूप से चर्चा हुई। युवाओं को बताया गया कि भर्ती, रजिस्ट्रेशन या वेरिफिकेशन के नाम पर पैसे मांगने वाली एजेंसियों की पहले जांच करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने से भी बचें।

सुधीर की कहानी बनी युवाओं के लिए सबक

कार्यक्रम में सुधीर वर्मा ने खुद बताया कि किस तरह लॉटरी में कार जीतने का झांसा देकर उनसे पैसे मांगे गए। उन्होंने साइबर जागृति अभियान में मिली जानकारी को याद रखा और भुगतान करने से पहले सावधानी बरती। इससे वह ठगी का शिकार होने से बच गए।

एसएसपी भोजराम पटेल ने उनकी सतर्कता की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया और छात्र-छात्राओं से कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए केवल पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। आम लोगों की जागरूकता और समय रहते सावधानी बरतना भी उतना ही जरूरी है।

सेवा संकल्प अभियान और साइबर जागृति अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में लाइवलीहुड कॉलेज और आईटीआई कॉलेज के कुल 383 छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई। जिला पंचायत सीईओ गोकुल राम रावटे, अतिरिक्त कलेक्टर जेएल यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला, एसडीएम अजय शतरंज और जनपद पंचायत सीईओ संतोष गोषले ने भी युवाओं को साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए।

383 युवाओं को दिया डिजिटल सुरक्षा का पाठ

मुंगेली पुलिस ने युवाओं से अपील की कि ओटीपी, पिन, पासवर्ड और बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। नौकरी, लॉटरी या किसी अन्य ऑनलाइन ऑफर के नाम पर पैसे मांगने पर पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS