Explore

Search

September 13, 2026 10:09 pm

महिला मित्र से मिलने गया था शिवा, मोहल्ले के तीन युवकों ने पीट-पीटकर मार डाला,दो आरोपी जेल भेजे गए; तीसरे की तलाश

“एसएसपी बोले, कानून हाथ में लेने वालों को नहीं बख्शेंगे,एसएसपी ने आमजन से अपील की कि विवाद की स्थिति में खुद कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें”

CBN36 रायगढ़। ट्रांसपोर्ट नगर में महिला मित्र से मिलने पहुंचे युवक को मोहल्ले के युवकों से विवाद करना भारी पड़ गया। विवाद के बाद तीन युवकों ने शिवा सेठ्ठी (35) के साथ हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से जमकर मारपीट की और उसे जमीन पर पटक-पटककर पीटा। गंभीर चोटों के बाद शिवा की हालत बिगड़ी और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में जूटमिल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 8 सितंबर की दरम्यानी रात की है। सतीगुड़ी चौक निवासी शिवा सेठ्ठी ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान राजू महंत उर्फ संजय महंत, कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव और धन्नू निषाद ने उसे वहां आने से मना करते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि तीनों ने एक राय होकर शिवा की बेरहमी से पिटाई की।

मारपीट के बाद शिवा किसी तरह वहां से निकला और अपने दोस्त के पास पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद वह घर चला गया, लेकिन कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल रायगढ़ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हेड इंजरी से मौत का खुलासा

घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम किया। घटनास्थल जूटमिल क्षेत्र का होने के कारण मर्ग डायरी जूटमिल पुलिस को भेजी गई। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों और घटना के दौरान बीच-बचाव करने वाले लोगों के बयान दर्ज किए। बयानों में तीनों आरोपियों द्वारा शिवा से मारपीट किए जाने की पुष्टि हुई।

पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हेड इंजरी के कारण हेमरेजिक शॉक बताया गया। मर्ग जांच में मारपीट से आई गंभीर चोटों के कारण मौत होना पाए जाने पर जूटमिल थाने में अपराध क्रमांक 540/2026, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।

जेल से निकलते ही पुलिस ने दोनों को दबोचा

हत्या का मामला दर्ज होते ही जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम को सक्रिय किया। पुलिस को पता चला कि राजू महंत और कृष्णा साव किसी पूर्व मामले में जिला जेल रायगढ़ में निरुद्ध थे और रिहा होने वाले हैं। पुलिस टीम ने जेल के बाहर दोनों को उनके परिजनों के साथ तलब किया और पूछताछ के लिए थाने ले आई।

पूछताछ और मेमोरेंडम कथन में दोनों आरोपियों ने धन्नू निषाद के साथ मिलकर शिवा से मारपीट करना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को 12 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। फरार धन्नू निषाद की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

एसएसपी की दो टूक-कानून हाथ में लिया तो होगी कड़ी कार्रवाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा कि कानून हाथ में लेकर किसी के साथ मारपीट करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी और वैधानिक कार्रवाई करेगी। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

एसएसपी ने आमजन से अपील की कि विवाद की स्थिति में खुद कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।

गिरफ्तार आरोपियो में राजू महंत उर्फ संजय महंत (35), निवासी ट्रांसपोर्ट नगर वाल्मीकि आवास, जूटमिल। कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव (35), निवासी ट्रांसपोर्ट नगर वाल्मीकि आवास, जूटमिल शामिल है। आरोपियों की गिरफ्तारी में निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, एएसआई हेमंत कश्यप, राजेन्द्र पटेल, प्रधान आरक्षक लोमेश राजपूत समेत पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS