एसएसपी शशि मोहन सिंह बोले- कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी
CBN36 रायगढ़। वार्ड में दो पक्षों के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे पार्षद पर नशे में धुत युवक ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पहले गाली-गलौज करते हुए पार्षद को जान से मारने की धमकी दी और इसके बाद लोहे की धारदार वस्तु से उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में पार्षद घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जूटमिल पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
घटना 12 सितंबर की रात करीब 9:45 बजे वार्ड क्रमांक 36 राजीव गांधी नगर के पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट के पास हुई। पार्षद विजय चौहान जूटमिल पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कुछ युवकों के बीच मारपीट होते देखी। जनप्रतिनिधि होने के नाते वह विवाद शांत कराने मौके पर पहुंचे।
बताया गया कि कमल सारथी कुछ लोगों के साथ मारपीट कर रहा था। पार्षद ने उसे झगड़ा करने से मना किया तो आरोपी भड़क गया। उसने पार्षद से गाली-गलौज करते हुए कहा कि “तुम बीच में क्यों आ रहे हो, वार्ड के पार्षद बनते हो।” इसके बाद आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ में रखी धारदार लोहे की वस्तु से पार्षद के सिर पर वार कर दिया।
हमले में पार्षद विजय चौहान के सिर पर चोट आई। घटना के बाद उनके पिता ने थाना जूटमिल पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी कमल सारथी के खिलाफ अपराध क्रमांक 541/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1), 115(2), 296 एवं 351(3) में अपराध दर्ज किया है।
रातभर आरोपी की तलाश में दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए जूटमिल पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए देर रात कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी। हालांकि आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा और फरार है। पुलिस टीम उसकी पतासाजी में जुटी हुई है।
एसएसपी बोले- जनप्रतिनिधि पर हमला गंभीर, सख्त कार्रवाई होगी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने घटना को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया कि विवाद शांत कराने पहुंचे जनप्रतिनिधि के साथ मारपीट को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में रायगढ़ पुलिस आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई करेगी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और आमजन में भय पैदा करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ऐसे तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
प्रधान संपादक




