गल्ले से 300 रुपये, 67 पैकेट सिगरेट और मिच्चर चोरी; तीन अपचारी बालकों की भी पहचान
CBN 36 बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में किराना दुकान का ताला तोड़कर गल्ले से नगदी, सिगरेट और मिच्चर पैकेट चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल करेलिया (20) को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल तीन अपचारी बालकों की भी पहचान की गई है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 67 पैकेट सिगरेट, 300 रुपये नगद और मिच्चर पैकेट बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार हेमूनगर निवासी रवि शर्मा मसाला एवं डेली नीड्स की दुकान संचालित करते हैं। 8 सितंबर की दरमियानी रात अज्ञात चोर दुकान में घुसे और गल्ले में रखे 300 रुपये नगद, 67 पैकेट सिगरेट तथा मिच्चर पैकेट चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर तोरवा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 497/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध नजर आए। उनके हुलिए के आधार पर पुलिस ने संदेहियों की तलाश शुरू की। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी की पहचान राहुल करेलिया (20), निवासी करगीरोड, वार्ड नंबर-2, डाग बंगला कोटा के रूप में हुई। उसके साथ तीन अपचारी बालकों की भी पहचान की गई।
निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर 67 पैकेट सिगरेट, 300 रुपये नगद और मिच्चर पैकेट बरामद किए गए। पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल करेलिया को गिरफ्तार कर 12 सितंबर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेजा गया। वहीं, तीनों अपचारी बालकों की सामाजिक पृष्ठभूमि तैयार कर उन्हें बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
प्रधान संपादक




