Explore

Search

October 29, 2026 5:45 pm

पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभाएं स्काउट्स-गाइड्स : राज्यपाल डेका

लोकभवन में 1122 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स सम्मानित, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए स्काउटर-गाइडर भी हुए पुरस्कृत

Cbn36 रायपुर, 29 अक्टूबर। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। जल और जंगल को बचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। स्काउट्स एवं गाइड्स जल संरक्षण, जल संचयन और वनों की रक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रभावी साबित हो रही हैं।

राज्यपाल रमेन डेका गुरुवार को लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित राज्य पुरस्कार अलंकरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेशभर से चयनित 1122 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स को राज्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष गजेंद्र यादव ने की।

पुरस्कार के साथ बढ़ती है जिम्मेदारी

राज्यपाल ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स का आदर्श वाक्य ‘तैयार रहो’ विषम परिस्थितियों का सामना करने और जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देता है। पुरस्कार प्राप्त करना गर्व की बात है, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। उन्होंने प्रतिभागियों से समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय योगदान देने और अपने आचरण से दूसरों के लिए प्रेरणा बनने का आह्वान किया।

बस्तर के युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा

राज्यपाल ने राज्य पुरस्कार प्राप्त करने के लिए बस्तर क्षेत्र से आए स्काउट्स एवं गाइड्स की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर में शांति स्थापित हुई है और क्षेत्र तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए समय को पहचानना, निरंतर प्रयास करना और कठिन परिस्थितियों का सामना करना जरूरी है। कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से ही लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

स्काउटिंग जीवनभर सेवा की प्रेरणा देती है : यादव

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के नियम और प्रतिज्ञाएं इसके सदस्यों को विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं। स्काउटिंग की वर्दी अनुशासन, सेवा और समर्पण के मूल्यों का प्रतीक है। स्काउटिंग से जुड़ा व्यक्ति जीवनभर सेवाभाव के साथ कार्य करता है।

उन्होंने कहा कि राज्यपाल के हाथों सम्मान प्राप्त करना प्रतिभागियों के लिए अविस्मरणीय उपलब्धि है। यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी समाजसेवा के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने प्रदेश के अधिक से अधिक स्काउट्स एवं गाइड्स को राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।

1122 प्रतिभागियों को मिला राज्य पुरस्कार

समारोह में प्रदेशभर से चयनित 405 स्काउट्स, 528 गाइड्स, 64 रोवर्स और 125 रेंजर्स को राज्यपाल रमेन डेका ने राज्य पुरस्कार प्रदान किए।

स्काउटिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सर्वश्रेष्ठ स्काउटर योगेश्वर प्रसाद गांगुली (बालोद), सर्वश्रेष्ठ गाइडर तनुजा बंजारे एवं लता वैष्णव (महासमुंद), सर्वश्रेष्ठ रोवर राजमणि बंजारे एवं चंद्रशेखर पंकज, सर्वश्रेष्ठ रेंजर कुमारी विभूति वर्मा एवं कुमारी कृति बिजौर, सर्वश्रेष्ठ स्काउट ईश साहू, हरीश कुमार खोटे एवं राजवीर भट्ट तथा सर्वश्रेष्ठ गाइड दिव्या पटेल एवं दीप्ति पटेल को सम्मानित किया गया।

स्काउटिंग के क्षेत्र में दीर्घकालीन सेवाओं के लिए शैलेंद्र मिश्रा, आनंद राम बघेल, पवन कुमार नायक, विनोद कुमार हथेल, शशि बंछोर और रजनी रेड्डी को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में पीपिंग सेरेमनी भी आयोजित की गई। इस दौरान लोकभवन में पदस्थ एडीसी उदित पुष्कर को रैंक बैज लगाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा, राज्य सचिव अमित कुमार क्षत्रिय, कार्यक्रम प्रभारी शैलेंद्र मिश्रा, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त डॉ. पूनम सिंह साहू, राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) जलवती साहू, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) सरिता पांडे सहित संगठन के पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित थे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS