Explore

Search

September 12, 2026 8:24 pm

सोलर दीदियों ने बढ़ाया आत्मनिर्भरता की ओर कदम

सोलर वेंडर के रूप में पंजीयन, अब घरों की छतों पर लगा रहीं सोलर पैनल

CBN36 रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिहान से जुड़ी ग्रामीण महिलाएं अब सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना रही हैं। स्व-सहायता समूहों से जुड़ी प्रशिक्षित महिलाएं ‘सोलर दीदी’ के रूप में घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने का काम कर रही हैं। इससे उन्हें रोजगार का नया अवसर मिलने के साथ तकनीकी दक्षता भी हासिल हो रही है।

‘सोलर दीदी-हर घर रोशनी, हर हाथ रोजगार’ के संकल्प के साथ शुरू की गई इस पहल के तहत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के विकासखंड बलौदाबाजार के ग्राम दसरमा में हितग्राही तारनी घृतलहरे के घर तीन किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल सिस्टम स्थापित किया गया है। यह कार्य कलेक्टर कुलदीप शर्मा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

संकुल संगठन बना सोलर वेंडर

बिहान के तहत गठित संकुल स्तरीय संगठन ने स्वयं को आधिकारिक सोलर वेंडर के रूप में पंजीकृत कराया है। इसके बाद प्रशिक्षित सोलर दीदियां हितग्राहियों के घर पहुंचकर सोलर पैनल लगाने का काम कर रही हैं। इससे महिलाओं को योजनाओं का लाभ लेने के साथ खुद रोजगार और उद्यमिता से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।

बिजली खर्च में राहत, पर्यावरण को भी फायदा

सोलर पैनल लगाने से ग्रामीण परिवारों को बिजली के खर्च में राहत मिलने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, सोलर दीदियों के तकनीकी और व्यावसायिक कौशल में भी वृद्धि हो रही है। पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाते हुए उन्हें सौर ऊर्जा क्षेत्र में रोजगार और उद्यमिता से जोड़ना है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS