Explore

Search

September 12, 2026 8:10 pm

बैगलेस डे पर बच्चों ने सीखे स्वच्छता, रचनात्मकता और जीवन कौशल के पाठ

सूरजपुर जिले के शासकीय विद्यालयों में जनभागीदारी से हुए विविध आयोजन, खेल-कला और स्वच्छता गतिविधियों में उत्साह से शामिल हुए विद्यार्थी

न्योता भोजन के साथ बच्चों ने लिया आनंदमय शिक्षण गतिविधियों का अनुभव

CBN36 रायपुर, 12 सितंबर 2026। बैगलेस डे के अवसर पर शनिवार को सूरजपुर जिले के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को बस्ते के बोझ से मुक्त रखते हुए पढ़ाई के साथ-साथ स्वच्छता, खेल, कला और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा गया। विद्यालयों में आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को व्यावहारिक जीवन कौशल सिखाने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, सहयोग, सामाजिक जिम्मेदारी और मौलिक सोच विकसित करने का प्रयास किया गया।

कलेक्टर सूरजपुर श्रीमती रेना जमील और जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में बैगलेस डे के तहत विभिन्न रचनात्मक एवं व्यावहारिक गतिविधियां आयोजित की गईं। जनप्रतिनिधियों, पालकों और स्थानीय समुदाय की सहभागिता से विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान, खेलकूद, कला और रचनात्मक कार्यों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

विद्यालय परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों ने गाजर घास का उन्मूलन करने के साथ परिसर और शौचालयों की साफ-सफाई की। पाउच-पन्नी का सुरक्षित निस्तारण तथा पेयजल स्रोतों की स्वच्छता जैसी गतिविधियों में भी बच्चों ने सहभागिता की। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाया गया।

रचनात्मक गतिविधियों से निखरी कल्पनाशक्ति

बैगलेस डे पर विद्यार्थियों के बौद्धिक और सृजनात्मक विकास के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। ‘पेड़ बोल सकते तो क्या कहते’ विषय पर बच्चों ने कल्पनात्मक निबंध लिखकर अपनी मौलिक सोच और अभिव्यक्ति का प्रदर्शन किया। पेपर क्राफ्ट के तहत कागज को मोड़ने और काटने की तकनीक से नाव, हवाई जहाज, तितली और मेंढक जैसी आकर्षक आकृतियां तैयार की गईं।

वहीं, ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ और ‘कबाड़ से जुगाड़’ गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अनुपयोगी सामग्री का उपयोग कर ग्रीटिंग कार्ड सहित विभिन्न उपयोगी एवं कलात्मक वस्तुएं बनाईं। इन गतिविधियों ने बच्चों की रचनात्मकता के साथ उनमें संसाधनों के बेहतर उपयोग की समझ भी विकसित की।

न्योता भोजन में समुदाय ने निभाई भागीदारी

बैगलेस डे के अवसर पर विद्यालयों में समुदाय आधारित न्योता भोजन का भी आयोजन किया गया। माध्यमिक शाला कन्या रामानुजनगर में स्थानीय व्यवसायी श्री श्रवण कुमार गुप्ता ने अपने जन्मदिन के अवसर पर संकुल समन्वयक श्री जयप्रकाश बरेठा के साथ मिलकर विद्यार्थियों को न्योता भोजन कराया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ विभागीय अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

इसी तरह भैयाथान विकासखंड के प्राथमिक शाला शिवप्रसाद नगर में समुदाय के सहयोग से विद्यार्थियों को कॉपियां वितरित की गईं। साथ ही विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर बच्चों को स्वच्छता का संदेश दिया गया।

अधिकारियों ने किया गतिविधियों का निरीक्षण

बैगलेस डे के तहत आयोजित गतिविधियों की निगरानी एडी शिक्षा, एडीपीओ समग्र, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसीसी, संकुल प्राचार्य और संकुल समन्वयकों द्वारा की गई। अधिकारियों ने विभिन्न विद्यालयों का दौरा कर गतिविधियों का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। इस दौरान विद्यालयों में बच्चों की सक्रिय सहभागिता और उत्साह देखने को मिला।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS