Explore

Search

September 8, 2026 7:26 pm

डिक्की में नशे की खेप, बिरकोना रोड पर पुलिस ने दबोचे दो तस्कर

1.04 लाख रुपये की प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त, कार और तीन मोबाइल भी पुलिस के कब्जे में

CBN36 बिलासपुर। नशे के कारोबार के खिलाफ सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कफ सिरप ऑनरेक्स की 520 नग शीशियों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 85.02 किलोग्राम कफ सिरप, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 4 हजार 780 रुपये है, के साथ एक कार और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में कफ सिरप उपलब्ध कराने वाले दो आरोपी अभी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 7 सितंबर को सरकंडा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप ले जाई जा रही है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिरकोना रोड स्थित गैस गोदाम के पास घेराबंदी की। इसी दौरान काले रंग की कार क्रमांक CG 04 QD 9753 को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिक्की खुलते ही पुलिस को प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप की बड़ी खेप मिली। गिनती करने पर कुल 520 नग कफ सिरप बरामद हुआ।

दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी

पुलिस पूछताछ में आरोपियों से कफ सिरप रखने और उसकी बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने कफ सिरप के साथ कार और तीन मोबाइल फोन को विधिवत जब्त कर लिया।

दो गिरफ्तार, दो की तलाश

पुलिस ने मामले में मिथुन बघेल (28), निवासी ग्राम भुंडा, थाना कोटा और अमन कुमार चौबे (26), निवासी गनियारी बाजारपारा, थाना कोटा को गिरफ्तार किया है।

जांच के दौरान राजा भोई और नीरज पटेल के नाम सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों को बिक्री के लिए कफ सिरप उपलब्ध कराने में शामिल हैं और फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई

मामले में थाना सरकंडा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 एवं 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को विधिवत न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाया जाना था।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS