Explore

Search

August 21, 2026 7:34 pm

ईद-ए-मिलाद और गणेश चतुर्थी पर शांति व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट

कलेक्टर-एसएसपी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने पर जोर

CBN36 बिलासपुर, 21 अगस्त। आगामी ईद-ए-मिलाद (मिलाद-उन-नबी) और गणेश चतुर्थी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर शुक्रवार को जिला कार्यालय में शांति समिति की बैठक हुई। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में सुरक्षा, यातायात, बिजली, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश दिए गए।

बैठक में नगर निगम को ईदगाह और प्रमुख मार्गों की साफ-सफाई तथा प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिस विभाग को यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के साथ मंदिरों, मस्जिदों, गणेश पंडालों, संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। सीएसईबी को पर्व के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने को कहा गया।

सड़क पर पंडाल लगाने पर रोक

प्रशासन ने नागरिकों की सुविधा को देखते हुए सड़क पर पंडाल लगाकर यातायात बाधित नहीं करने के निर्देश दिए। सभी पूजा समितियों को पंडाल लगाने से पहले संबंधित थाना प्रभारी और एसडीएम से अनुमति लेना अनिवार्य किया गया है। समितियों को पुलिस की सहायता के लिए पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

पंडालों में सीसीटीवी और मिट्टी की प्रतिमा जरूरी

सभी पूजा पंडालों और उनके आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है। गणेश समितियों को मिट्टी की प्रतिमा स्थापित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत तारों से किसी तरह की दुर्घटना न हो, इसके लिए भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया।

विसर्जन के लिए रूट और पार्किंग तय होगी

गणेश विसर्जन के लिए रूट चार्ट और पार्किंग स्थल निर्धारित करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी समितियों को विसर्जन स्थल और निर्धारित रूट की जानकारी संबंधित थाना प्रभारी को देने को कहा गया। भंडारा और लंगर में प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा दोना-पत्तल और डस्टबिन की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। सड़क पर वाहन रुकवाकर प्रसाद वितरण नहीं करने को भी कहा गया।

अस्पताल में रहेगी आपातकालीन व्यवस्था

जिला अस्पताल को पर्व के दौरान आवश्यक आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस को शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों और महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त बल तैनात करने को कहा गया।

शांति समिति के सदस्यों ने दोनों पर्वों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का भरोसा दिलाया।

बैठक में एडीएम शिवकुमार बनर्जी, नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर खंजाची कुमार, एसडीएम मनीष साहू, संयुक्त कलेक्टर रजनी भगत, सीएसपी सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार सहित शांति समिति के सदस्य हबीब मेमन, चंचल सलूजा, मनजीत सिंह अरोरा, विकास शर्मा, विक्रांत केशरवानी, राजेश मिश्रा, प्रबीर सेन गुप्ता, प्रदीप कुमार शर्मा, सुधीर खण्डेलवाल, इरशाद अली, अनिल कुमार गौरहा सहित अन्य सदस्य एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS