Explore

Search

August 21, 2026 6:55 pm

बलौदाबाजार में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की जगी उम्मीद, जल्द होगा निर्णय

उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी से की मुलाकात, विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं दिलाने पर हुई चर्चा

CBN36 रायपुर, 21 अगस्त 2026 ।बलौदा बाजार-भाटापारा जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर विस्तार से चर्चा की। केंद्रीय मंत्री ने इस विषय पर जल्द आवश्यक निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।

मुलाकात के दौरान मंत्री टंक राम वर्मा ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में केंद्रीय विद्यालय की आवश्यकता और स्थानीय विद्यार्थियों के हित से जुड़े विभिन्न पहलुओं से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने विद्यालय की स्थापना की प्रक्रिया को गति देने और जल्द स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के सकारात्मक रुख और जल्द निर्णय के आश्वासन से जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की उम्मीदें मजबूत हुई हैं।

विद्यार्थियों को मिलेंगे बेहतर शैक्षणिक अवसर

मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अत्याधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर केंद्र सरकार के स्तर पर सकारात्मक चर्चा हुई है। केंद्रीय मंत्री द्वारा जल्द निर्णय लेने का आश्वासन पूरे जिले के लिए सुखद और उत्साहजनक है।

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रही है। बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए वर्तमान में कई विद्यार्थियों को बड़े शहरों अथवा अन्य जिलों का रुख करना पड़ता है। जिले में केंद्रीय विद्यालय शुरू होने से स्थानीय विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर का शैक्षणिक वातावरण और बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

अस्थायी भवन से संचालन की तैयारी

राज्य सरकार द्वारा विद्यालय के संचालन के लिए प्रारंभिक चरण में अस्थायी भवन की व्यवस्था करने के साथ भविष्य में स्थायी भवन निर्माण के लिए भूमि चिह्नित एवं आरक्षित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रयास

उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की पहल से जिले में शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर और आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की दिशा में प्रयास जारी हैं। केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की दिशा में बढ़ा यह कदम बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के समग्र शैक्षणिक विकास को नई गति देने वाला माना जा रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS