Explore

Search

August 21, 2026 6:14 pm

चार माह से फरार कुख्यात क्रिकेट सटोरिया दो साथियों समेत गिरफ्तार

“एसएसपी ने कहा- अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों को नहीं बख्शेंगे,आईपीएल 2026 में ऑनलाइन सट्टा खिलाने का आरोप, 4 मोबाइल जब्त ,चक्रधरनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई”

CBN36 रायगढ़। आईपीएल 2026 के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने के मामले में करीब चार माह से फरार चल रहे मुख्य खाईवाल सानू बेरीवाल को पुलिस ने उसके दो साथियों समेत गिरफ्तार किया है। ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत चक्रधरनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में सानू बेरीवाल (32), निवासी पंचवटी कॉलोनी, थाना चक्रधरनगर, मोहित संथालिया (19), निवासी मोवा रायपुर और विजय कुमार देवांगन (43), निवासी चक्रधरनगर रायगढ़ शामिल हैं।

अप्रैल में पकड़े गए थे दो सटोरिए

आईपीएल के दौरान ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत 9 अप्रैल को साइबर थाना और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने बोईरदादर शालिनी स्कूल रोड स्थित गुरुकृपा प्रोविजन स्टोर में दबिश दी थी। यहां पंकज जयसिंह और जयदेव मित्रा को केकेआर और एलएसजी के बीच खेले जा रहे आईपीएल मैच में मोबाइल के जरिए हार-जीत पर दांव लगवाते पकड़ा गया था।

पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया था कि वे मुख्य खाईवाल सानू बेरीवाल के लिए क्रिकेट सट्टे का काम करते हैं और सट्टे की रकम का लेन-देन यूपीआई के माध्यम से किया जाता था।

एक दिन बाद एक और आरोपी पकड़ा गया

10 अप्रैल को पुलिस ने पंचवटी नगर बोईरदादर निवासी कशिश बलानी को उसके मकान के बाहर मोबाइल से सीएसके और डीसी के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते पकड़ा था। पूछताछ में उसने भी करीब एक वर्ष से सानू बेरीवाल के लिए सट्टे का काम करने और यूपीआई के जरिए रकम के लेन-देन की जानकारी दी थी।

दोनों मामलों में थाना चक्रधरनगर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 और बीएनएस की धारा 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 157/2026 और 158/2026 दर्ज किया गया था।

पूछताछ में सामने आए तीनों के नाम

पुलिस के अनुसार प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान सानू बेरीवाल, मोहित संथालिया और विजय कुमार देवांगन के साथ मिलकर सट्टे का काम करने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद से तीनों आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी।

21 अगस्त को तीनों के उपस्थित मिलने पर उन्हें थाने लाकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर सानू बेरीवाल से दो मोटोरोला मोबाइल, मोहित संथालिया से एक सैमसंग मोबाइल और विजय कुमार देवांगन से एक सैमसंग मोबाइल जब्त किया गया।

एसएसपी ने कहा- अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों को नहीं बख्शेंगे

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सट्टा-जुआ और ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क से जुड़े आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत फरार आरोपियों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी की जा रही है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा और साइबर डीएसपी रोहन शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक, उप निरीक्षक गेंद लाल साहू, एएसआई आशीष रात्रे समेत साइबर थाना और चक्रधरनगर थाना पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS