
“एसएसपी ने कहा- नशे के नेटवर्क को खत्म करेंगे,रेलवे स्टेशन पर 15.163 किलो गांजा के साथ तीन आरोपी पकड़े गए, लैलूंगा में भी 3 किलो गांजा बरामद”
CBN36 रायगढ़। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पिछले 48 घंटे में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 18.1632 किलो गांजा, नशीले इंजेक्शन और टैबलेट बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एएसपी अनिल सोनी व नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस की टीमों ने यह कार्रवाई की।
रेलवे स्टेशन पर 15.1632 किलो गांजा के साथ तीन गिरफ्तार
18 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायगढ़ रेलवे स्टेशन के मोटरसाइकिल स्टैंड के सामने तीन युवक गांजा लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस, साइबर सेल और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर तीनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान त्रिनाथ मलिक (27), ओमप्रकाश राउत (20) और सत्यव्रत मोहन्ती (25), तीनों निवासी जिला पुरी, ओडिशा के रूप में हुई।
तलाशी में उनके पास से 15.1632 किलो गांजा, करीब 1.50 लाख रुपये कीमत और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
नशीले इंजेक्शन और टैबलेट के साथ 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार
इसी दिन रेलवे स्टेशन के मोटरसाइकिल स्टैंड के पास नशीले इंजेक्शन और टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे दीपक डोंगरे (22), निवासी बापूनगर रायगढ़ को कोतवाली पुलिस ने पकड़ा।
तलाशी में उसके कब्जे से 18 Pentazocine Injection, 17 Nitrazepam Tablets, इस्तेमाल किया हुआ निडिल-सिरिंज और 200 रुपये नकद बरामद हुए। बरामद नशीले पदार्थों की कीमत करीब 1,032.96 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 444/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 में कार्रवाई की गई है।
लैलूंगा में 3 किलो गांजा के साथ तीन आरोपी पकड़े गए
19 अगस्त को लैलूंगा पुलिस को ग्राम पाकरगांव मुख्य मार्ग के पास तीन लोगों के गांजा लेकर ग्राहक तलाशने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर बोधराम यादव (44), दिलाराम चौहान (55) और सनत साय चौहान (50) को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से 3 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 1.50 लाख रुपये है, बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से लाकर बिक्री के लिए रखने की बात बताई। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई है।
नशे के कारोबार पर पुलिस की नजर
रायगढ़ पुलिस के मुताबिक ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जिले में गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री और अवैध भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी है।
एसएसपी ने कहा- नशे के नेटवर्क को खत्म करेंगे
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। जिले में नशे के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
प्रधान संपादक




