Explore

Search

August 20, 2026 6:57 pm

अकलतरा में आधी रात धधकी कपड़ा दुकान, पुलिस ने 14 जिंदगियां बचाईं

समय रहते भांप लिया खतरा, सीढ़ियों पर लपटों के बीच फंसे थे 5 परिवार,2 बालिकाएं, 2 बालक समेत 14 लोगों का रेस्क्यू

CBN36 जांजगीर-चांपा। अकलतरा में बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 2:30 बजे एक कपड़ा दुकान में भीषण आग लग गई। दुकान से उठती आग की लपटों और धुएं के बीच प्रथम तल पर पांच परिवारों के 14 सदस्य फंस गए थे। इसी दौरान गश्त कर रही अकलतरा पुलिस की नजर दुकान से निकल रहे धुएं पर पड़ी। पुलिस ने बिना देर किए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और विद्युत विभाग से सीढ़ी मंगवाकर आग में फंसे सभी 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस की इस तत्परता से बड़ी जनहानि टल गई।

सीढ़ियों पर लपटें, ऊपर जिंदगी और नीचे मौत का खतरा

घटना अंबेडकर चौक के पास स्थित सिसोदिया कॉम्प्लेक्स की है। यहां संचालित नीरज कलेक्शन क्लॉथ शॉप से देर रात अचानक धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। उस समय दुकान के प्रथम तल पर पांच परिवार रह रहे थे। आग ने नीचे आने वाली सीढ़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया था, जिससे ऊपर फंसे लोगों के सामने बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया।

गश्ती दल ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी और रेस्क्यू शुरू किया। पुलिस ने विद्युत विभाग से समन्वय कर सीढ़ी मंगवाई। इसी सीढ़ी के सहारे प्रथम तल पर फंसे लोगों को एक-एक कर सुरक्षित नीचे उतारा गया।

2 बालिकाएं, 2 बालक समेत 14 लोगों का रेस्क्यू

पुलिस के मुताबिक आग में फंसे लोगों में 4 महिलाएं, 2 पुरुष और 4 बच्चे शामिल थे। बच्चों में 2 बालिकाएं और 2 बालक थे। सभी 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

आग की लपटों के बीच पुलिसकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना राहत और बचाव कार्य जारी रखा। समय पर रेस्क्यू नहीं होता तो प्रथम तल पर मौजूद परिवारों के लिए स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।

ढाई घंटे तक जूझती रही फायर ब्रिगेड

लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद आग पर काबू पाने के लिए होमगार्ड जांजगीर और जे.एस.डब्ल्यू. प्लांट की फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से भी रोक लिया गया। इससे न केवल 14 लोगों की जान बची, बल्कि बड़े पैमाने पर संपत्ति के नुकसान की आशंका भी टल गई।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण संभावित शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आगजनी की घटना अंबेडकर चौक के पास स्थित सिसोदिया कॉम्प्लेक्स में हुई। दुकान के संचालक परितोष चक्रधारी, पिता राज नारायण चक्रधारी, उम्र 26 वर्ष, निवासी अंधियारी पाठ, अकलतरा हैं।

पुलिस की सजगता बनी 14 जिंदगियों की ढाल

रात के सन्नाटे में जब पूरा इलाका सो रहा था, उस समय अकलतरा पुलिस का गश्ती दल इलाके में निगरानी कर रहा था। इसी दौरान पुलिस की नजर दुकान से निकल रहे धुएं और आग की लपटों पर पड़ी। कुछ ही समय की देरी कई जिंदगियों पर भारी पड़ सकती थी, लेकिन पुलिस ने खतरे को समय रहते भांप लिया।

पुलिस की सजगता, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता ने इस रात को बड़ी त्रासदी में बदलने से रोक दिया। रेस्क्यू किए गए परिवारों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

पूरे रेस्क्यू और राहत अभियान में निरीक्षक जय कुमार साहू, थाना प्रभारी अकलतरा, आरक्षक शैलेन्द्र राठौर तथा थाना अकलतरा के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा होमगार्ड जांजगीर के अग्निशमन दल और जे.एस.डब्ल्यू. प्लांट फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने आग बुझाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

एसपी विजय पांडेय ने कहा

एसपी विजय पांडेय ने बताया कि अकलतरा पुलिस के गश्ती दल ने समय रहते आग की स्थिति को भांप लिया था। प्रथम तल पर फंसे 5 परिवारों के 14 सदस्यों को पुलिस ने तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी जनहानि टल गई।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS