एथेनॉल उत्पादन में गन्ने के बढ़ते इस्तेमाल का असर, शक्कर 60 से 65 और गुड़ 70 रुपये किलो तक पहुंचा
CBN36 बिलासपुर। त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही शक्कर और गुड़ के बढ़ते दाम ने लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। बाजार में शक्कर के भाव 60 से 65 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं। वहीं गुड़ भी 70 रुपये किलो तक बिक रहा है। कारोबारियों का कहना है कि एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के रस और शीरे के बढ़ते इस्तेमाल के साथ त्योहारी मांग बढ़ने से कीमतों पर दबाव बना हुआ है।
रक्षाबंधन के बाद गणेश उत्सव, तीज, नवरात्रि, विजयादशमी और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार आने वाले हैं। ऐसे में शक्कर और गुड़ की मांग और बढ़ने की संभावना है। कारोबारियों के मुताबिक आने वाले दिनों में भी कीमतों में तेजी का दबाव बना रह सकता है।
तैयारी को तगड़ा झटका
त्योहारों से पहले शक्कर के दाम में तेजी ने खुदरा कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। बढ़े भाव का सीधा असर ग्राहकों की खरीदारी पर पड़ रहा है। कारोबारियों के अनुसार चिल्हर बाजार में बिक्री करीब 25 फीसदी तक कम होने की संभावना है। इस बार कारोबारी अग्रिम बुकिंग करने के बजाय फिलहाल ग्राहकों की पूछताछ तक सीमित हैं।
हतप्रभ हैं स्टॉकिस्ट
शक्कर की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए 4000 क्विंटल की स्टॉक लिमिट का नियम प्रभावी है। इसके बावजूद कीमतों में तेजी से स्टॉकिस्ट भी हैरान हैं। कारोबारियों के अनुसार होलसेल और रिटेल सौदों में करीब 25 फीसदी तक गिरावट आई है। गुड़ के कारोबार में भी इसी तरह की स्थिति बनी हुई है।
पांच रुपये की एकमुश्त बढ़ोतरी
कारोबारियों के मुताबिक कुछ समय पहले शक्कर 45 से 48 रुपये किलो बिक रही थी। इसके बाद भाव बढ़कर 50 से 55 रुपये किलो हुए और अब करीब पांच रुपये की एकमुश्त बढ़ोतरी के बाद शक्कर 60 रुपये किलो तक पहुंच गई है। आउटर क्षेत्रों में इसका भाव 65 रुपये किलो तक बताया जा रहा है।
इसी तरह 60 से 64 रुपये किलो बिकने वाला गुड़ भी करीब छह रुपये महंगा होकर 70 रुपये किलो तक पहुंच गया है। त्योहारी मांग बढ़ने के साथ कीमतों में और तेजी आती है या नहीं, इस पर बाजार की नजर बनी हुई है।
प्रधान संपादक




