नल-जल योजना के लिए रखे 24 डीआई पाइप किए थे पार, कबाड़ी के यहां बेच दिया था चोरी का माल; पहले एक आरोपी और बाल अपचारी पर हो चुकी कार्रवाई
CBN36 मुंगेली। लोरमी क्षेत्र में शासकीय नल-जल योजना के लिए रखे लोहे के पाइप चोरी करने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को लोरमी पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी कार्रवाई की थी।

छह लाख रुपये के पाइप चोरी का मामला
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान लोरमी पुलिस को ग्राम गोड़खाम्ही नहर रोड गाड़ाटोला मोड़ के पास शासकीय नल-जल योजना के लिए रखे डीआई पाइप चोरी के मामले में फरार मुख्य आरोपी अमित सिंह ठाकुर के रायपुर में होने की सूचना मिली।
प्रार्थी बालगा भास्कर राव ने 26 जून को थाना लोरमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि गोड़खाम्ही नहर रोड पर निर्माण स्थल में 30 डीआई पाइप रखे थे। इनमें से 24 पाइप, जिनकी कीमत करीब छह लाख रुपये थी, 10 जून को चोरी हो गए थे। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 272/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
कबाड़ी के यहां मिले चोरी के पाइप
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी किए गए पाइप अनुपपुर-शहडोल मार्ग स्थित कुदौली के एक कबाड़ी के यहां बेचे गए हैं। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर कबाड़ी संचालक अनुज कुमार नामदेव को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने मुख्य सरगना अमित सिंह और वाहन चालक से पाइप खरीदने की बात बताई। पुलिस ने कबाड़ी दुकान से चोरी किए गए पाइप बरामद कर अनुज कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बालक से भी कराई गई थी पाइप की ढुलाई
पुलिस जांच में एक विधि से संघर्षरत बालक की भी भूमिका सामने आई। पुलिस के मुताबिक चोरी के पाइप ट्रक में भरकर बिक्री के लिए भेजने में उसका इस्तेमाल किया गया था। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की और बालक को न्यायालय के आदेश पर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
तकनीकी साक्ष्य से रायपुर तक पहुंची पुलिस
मुख्य आरोपी अमित सिंह ठाकुर घटना के बाद से फरार था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। 16 अगस्त को मुखबिर सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने रायपुर में घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। आरोपी को 17 अगस्त को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव के साथ प्रधान आरक्षक दयाल गवास्कर, आरक्षक राजू साहू, देवी नवरंग, दिलेश्वर साहू, रेखराम नेताम, कवि टोप्पो और ईश्वर मरावी की सराहनीय भूमिका रही।
बीएनएस की धाराओं में दर्ज था मामला
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 272/2026 के तहत धारा 303(2), 317(2) और 3(5) बीएनएस में कार्रवाई की है।
प्रधान संपादक




