Explore

Search

October 16, 2026 11:35 pm

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्वर्ण पदक विजेता महिला कबड्डी टीम को दी बधाई

एशियाई खेलों में भारतीय टीम ने ईरान को 37-34 से हराकर जीता था स्वर्ण पदक, रेलवे की छह खिलाड़ियों से की मुलाकात

CBN36 नई दिल्ली। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में एशियाई खेल 2026 की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय महिला कबड्डी टीम की खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी और कहा कि उनकी उपलब्धि से देश का गौरव बढ़ा है। खिलाड़ियों ने अपने समर्पण, दृढ़ संकल्प और खेल कौशल से तिरंगे का मान बढ़ाया है।

जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने 26 सितंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक जीता था। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एशियाई खेलों में अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया।

पुष्पा राणा की कप्तानी में मिली जीत

भारतीय महिला कबड्डी टीम की मुख्य प्रशिक्षक नीता मोरेश्वर दाडवे थीं, जबकि टीम की कमान पुष्पा राणा ने संभाली। केंद्रीय मंत्री से मुलाकात करने वाली रेलवे खिलाड़ियों में दक्षिण मध्य रेलवे की मुख्य कोच नीता मोरेश्वर दाडवे, रितु नेगी और पिंकी रॉय शामिल थीं। इनके अलावा उत्तर रेलवे की पूजा तथा पश्चिम रेलवे की सोनाली विष्णु शिंगाटे और राज रानी भी मौजूद रहीं।

खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा दे रहा रेलवे

भारतीय रेल, रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड के माध्यम से खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। रेलवे के खिलाड़ी ओलंपिक, विश्व चैंपियनशिप, एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेल जैसी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं।

रेलवे में खिलाड़ियों को संस्थागत सहयोग और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे वे अपनी खेल प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। भारतीय रेल की यह पहल देश में खेल प्रतिभाओं के विकास और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की उपलब्धियों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS