Explore

Search

August 15, 2026 11:55 pm

हिंदी विश्वविद्यालय में उल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने किया ध्वजारोहण, कहा- स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी का भी करें निर्वहन

CBN36 वर्धा, 15 अगस्त। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। वाचस्पति भवन परिसर में कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों के बैंड समूह ने राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी और राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के विद्यार्थियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता के साथ हमें अपनी जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने महात्मा गांधी, बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले महापुरुषों और सेनानियों को स्मरण करते हुए कहा कि उनके योगदान ने देश को शक्ति और नई दृष्टि प्रदान की।

उन्होंने कहा कि असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से देश को आजादी मिली है। इस स्वतंत्रता को अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। भावी पीढ़ी के कंधों पर इसकी बड़ी जिम्मेदारी है, इसलिए स्वतंत्रता का उपयोग विवेक और पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने देश की एकता और अखंडता पर कोई आंच न आने देने का आह्वान किया।

‘वंदे मातरम्’ बना था जागरण का मंत्र

कुलपति ने ‘वंदे मातरम्’ गीत के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने वर्ष 1875 में इसकी रचना की थी। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान यह गीत देश के जागरण का मंत्र और भारत माता की मुक्ति का शंखनाद बन गया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को इस गीत के महत्व और स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी भूमिका से अवगत कराना जरूरी है।

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका

कुलपति प्रो. शर्मा ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवा शक्ति को साथ लेकर ही विकसित भारत के सपने को साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी, डिजिटलीकरण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), अंतरिक्ष विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। देश इन चुनौतियों को अवसरों में बदल रहा है।

उन्होंने कहा कि आज गांव और किसान भी तेजी से डिजिटल व्यवस्था से जुड़ रहे हैं। भारत अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को साथ लेकर विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

गांधी और आंबेडकर की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण

समारोह की शुरुआत में कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने महात्मा गांधी और बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। ध्वजारोहण के दौरान राष्ट्रगीत बजाया गया।

इस अवसर पर कुलसचिव कादर नवाज़ खान, परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुरेंद्र गादेवार, वित्ताधिकारी पी. सरदार सिंह, अधिष्ठाता प्रो. हनुमानप्रसाद शुक्ल, प्रो. अवधेश कुमार, प्रो. गोपाल कृष्ण ठाकुर, प्रो. जनार्दन कुमार तिवारी, पुस्तकालय अध्यक्ष मैत्रेयी घोष, एनसीसी एसोसिएट ऑफिसर अनिकेत आंबेकर और सुरक्षा अधिकारी आर.बी. डोंगरे सहित शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS