“राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित हुए आईजी गर्ग,वीसी के जरिए पुलिसकर्मियों से जुड़े आईजी,सशस्त्र जवानों ने दी सलामी”
CBN36 बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, बिलासपुर रेंज में राष्ट्रभक्ति और गरिमा के साथ 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ ही देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान से माहौल गूंज उठा।
राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित हुए आईजी गर्ग

बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक आईपीएस राम गोपाल गर्ग को उत्कृष्ट सेवाओं और अदम्य साहस के लिए राज्य स्तरीय समारोह रायपुर में राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया। आईजी के रायपुर में मौजूद रहने के कारण बिलासपुर स्थित कार्यालय में उप पुलिस अधीक्षक विवेक शर्मा ने ध्वजारोहण किया और तिरंगे को सलामी दी।
वीसी के जरिए पुलिसकर्मियों से जुड़े आईजी

समारोह के दौरान आईजी राम गोपाल गर्ग ने रायपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिलासपुर रेंज कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद किया। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश के अमर शहीदों को नमन किया।
आईजी ने कहा कि जनसेवा और राष्ट्र की सुरक्षा पुलिस का सर्वोच्च कर्तव्य है। पुलिसकर्मियों को आपसी तालमेल, निष्ठा और ईमानदारी के साथ काम करते हुए देश की आन-बान-शान को हमेशा ऊंचाइयों पर बनाए रखना चाहिए।
सशस्त्र जवानों ने दी सलामी

ध्वजारोहण के बाद आर्म्स गार्ड ने अनुशासित एवं गरिमापूर्ण सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान हुआ। समारोह में मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।कार्यक्रम में बिलासपुर रेंज कार्यालय के सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी पूर्ण गणवेश में मौजूद रहे।
प्रधान संपादक




