Explore

Search

August 15, 2026 9:49 pm

कोरबा में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, अमर अग्रवाल ने फहराया तिरंगा

CBN36 कोरबा। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश पढ़कर सुनाया।

अमर अग्रवाल ने प्रदेश और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और वीर शहीदों को नमन करते हुए विकसित एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी की भागीदारी को जरूरी बताया।

नक्सलवाद खत्म करने का संकल्प पूरा होने की घोषणा

मुख्यमंत्री के संदेश में बस्तर के विकास और नक्सल उन्मूलन को प्रमुखता दी गई। ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के तहत बस्तर संभाग में 31 योजनाओं और 14 सामुदायिक सुविधाओं के शत-प्रतिशत सेचुरेशन पर जोर दिया गया। बंद स्कूलों को फिर शुरू करने के साथ ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी बनाने की बात कही गई।

किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान का मूल्य

सरकार की ओर से किसानों को देश में सर्वाधिक 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान का मूल्य भुगतान किए जाने की जानकारी दी गई। फसल विविधता को बढ़ावा देने के लिए धान की जगह दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी की खेती करने पर 15 हजार रुपये की आदान सहायता देने का निर्णय बताया गया। वहीं सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए 3,047 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति का उल्लेख किया गया।

70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ

मुख्यमंत्री के संदेश में बताया गया कि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 70 लाख महिलाओं के खातों में 19,444 करोड़ रुपये की राशि भेजी जा चुकी है। राज्य में 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 24 लाख 50 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं और प्रतिदिन औसतन 1,600 नए घर बनाए जा रहे हैं।

युवाओं के लिए 100 करोड़ का स्टार्टअप फंड

युवाओं को रोजगार और नवाचार से जोड़ने के लिए 100 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड बनाया गया है। इसके साथ ही 500 करोड़ रुपये के छत्तीसगढ़ राज्य एआई मिशन को मंजूरी दी गई है। इसके तहत 100 एआई डेटा लैब और पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे।

चार साल की सेवा पूरी करने वाले छत्तीसगढ़ के अग्निवीरों को पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा भी की गई। इसी सत्र से गीदम, कुनकुरी, जांजगीर-चांपा, मनेंद्रगढ़ और कवर्धा में पांच नए मेडिकल कॉलेज शुरू किए जा रहे हैं।

ज्ञानेश्वरी यादव को डीएसपी पद पर पदोन्नति

खेल के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी और ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव को डीएसपी पद पर पदोन्नत करने और 30 लाख रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की गई।

लोककला और सिनेमा के क्षेत्र में स्व. डॉ. तीजन बाई की स्मृति में ‘डॉ. तीजन बाई लोककला अलंकरण’ शुरू करने तथा छत्तीसगढ़ी सिनेमा को बढ़ावा देने के लिए ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ के निर्माण की जानकारी भी दी गई।

समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, नगर पालिक निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय सहित जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे, युवा और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS