Explore

Search

August 15, 2026 8:50 pm

बस्तर के युवाओं को मिला डिजिटल हुनर दिखाने का मंच, क्रिएटर हब स्टूडियो शुरू

CBN36 रायपुर, 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शनिवार को जगदलपुर स्थित लाला जगदलपुरी ग्रंथालय परिसर में बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो का शुभारंभ किया। आधुनिक तकनीक से लैस यह स्टूडियो बस्तर के युवाओं, नवाचारियों और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मकता और विचारों को देश-दुनिया तक पहुंचाने का मंच देगा।

युवाओं को डिजिटल माध्यम से प्रतिभा दिखाने के लिए किया प्रोत्साहित

शुभारंभ के दौरान उप मुख्यमंत्री ने क्रिएटर हब की सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने यहां उपलब्ध आधुनिक तकनीकी संसाधनों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने युवाओं को डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर अपनी प्रतिभा सामने लाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि बस्तर की कला, संस्कृति, परंपरा, पर्यटन और विकास की सकारात्मक तस्वीर देश-दुनिया तक पहुंचाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

पहले पॉडकास्ट में विजय शर्मा का इंटरव्यू रिकॉर्ड

क्रिएटर हब के शुभारंभ के साथ ही इसके पहले पॉडकास्ट की शुरुआत भी हुई। इसमें उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का इंटरव्यू रिकॉर्ड किया गया। उन्होंने बस्तर के विकास, युवाओं की भूमिका और नई तकनीकों के जरिए स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराने समेत विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।

कंटेंट निर्माण और पॉडकास्ट के लिए मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

बस्तर क्रिएटर हब में युवाओं को कंटेंट निर्माण, पॉडकास्ट, वीडियो, डिजिटल मीडिया और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके माध्यम से स्थानीय युवा अपने विचारों, अनुभवों और नवाचारों को बेहतर तरीके से प्रस्तुत कर सकेंगे।

स्थानीय मुद्दों और प्रतिभाओं को वैश्विक मंच देने की पहल

क्रिएटर हब का उद्देश्य बस्तर की प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय विषयों, कला और संस्कृति को वैश्विक स्तर तक पहुंचाना है। इसके एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होने की उम्मीद है।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में महापौर संजय पाण्डेय, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष दिनेश कश्यप, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना, सहायक कलेक्टर यशवंत नाईक सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी और क्रिएटर हब से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS