Explore

Search

August 15, 2026 7:49 pm

बिलासपुर में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस,जीएम तरुण प्रकाश ने फहराया तिरंगा

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने कहा- राष्ट्रहित सर्वोपरि, सेवा और संरक्षा के साथ रेलवे को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं

CBN36 बिलासपुर, 15 अगस्त। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय बिलासपुर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने मुख्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत की धुन से पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा।

परेड का किया निरीक्षण, आरपीएफ बैंड ने बांधा समां

ध्वजारोहण के बाद महाप्रबंधक ने रेलवे सुरक्षा बल, सिविल डिफेंस, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड के जवानों और स्वयंसेवकों की आकर्षक परेड का निरीक्षण किया। आरपीएफ बैंड की शानदार प्रस्तुति ने समारोह में देशभक्ति का जोश भर दिया।

स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को किया याद

अपने संबोधन में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने रेलकर्मियों और उनके परिवारजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के साहस, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। सभी रेलकर्मी राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

माल ढुलाई में एसईसीआर देश में अव्वल

महाप्रबंधक ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 261.25 मिलियन टन माल लदान किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3.2 प्रतिशत अधिक है। ₹30,410 करोड़ की ऑरिजिनेटिंग फ्रेट आय के साथ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भारतीय रेलवे में प्रथम स्थान पर रहा। वर्ष 2026-27 में जुलाई तक 87.56 मिलियन टन माल लदान किया जा चुका है।

15 स्टेशनों का विकास कार्य पूरा

यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 15 स्टेशनों पर विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। इनमें छह स्टेशनों का उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा किया गया। बीते वर्ष 14 एस्केलेटर, पांच लिफ्ट और 12 नए फुट ओवर ब्रिज की सुविधा शुरू की गई। दिव्यांग यात्रियों के लिए 207 स्टेशनों को व्हीलचेयर के अनुकूल बनाया गया है।

कवच से मजबूत हुई रेल सुरक्षा

सुरक्षित रेल परिचालन के लिए आधुनिक सिग्नलिंग और स्वदेशी सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। बिलासपुर-चांपा सेक्शन में 50 रूट किलोमीटर पर कवच SIL-0 की कमीशनिंग तथा कलमना-सालवा सेक्शन में कवच SIL-4.0 का सफल ट्रायल किया गया। अब तक 255 लोकोमोटिव कवच से लैस किए जा चुके हैं। वहीं, 22 रोड ओवर ब्रिज और 29 रोड अंडर ब्रिज का निर्माण पूरा किया गया तथा 36 समपार फाटकों को बंद किया गया।

चार महीने में 4513 नए रेलकर्मी जुड़े

मानव संसाधन को रेलवे की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए महाप्रबंधक ने कहा कि अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच 4,513 कर्मचारियों ने रेलवे परिवार में अपनी सेवाएं शुरू कीं। कर्मचारियों के कैरियर विकास और कल्याण के लिए प्रोन्नति, MACP, प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति और वित्तीय प्रोत्साहन जैसी पहलें की गई हैं।

सोलर प्लांट से बची 1.71 करोड़ की राशि

पर्यावरण संरक्षण के तहत बीते वर्ष 2,264 किलोवाट पीक क्षमता के सोलर प्लांट स्थापित किए गए। चालू वित्तीय वर्ष में जुलाई तक 1,981 किलोवाट पीक क्षमता के अतिरिक्त सोलर प्लांट कमीशन किए गए। रूफटॉप सोलर प्लांट से 1.71 करोड़ की बचत हुई और 4,924 टन कार्बन उत्सर्जन में कमी दर्ज की गई।

आरपीएफ के अभियानों की सराहना

महाप्रबंधक ने रेलवे सुरक्षा बल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा के साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की भी सराहना की। उन्होंने ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’, ‘ऑपरेशन अमानत’ और ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के साथ मादक पदार्थों और अवैध टिकट दलालों के खिलाफ चलाए गए अभियानों का उल्लेख किया।

वर्कशॉप ने बनाए नए रिकॉर्ड

रायपुर वैगन रिपेयर शॉप ने 5,747 वैगनों का अब तक का सर्वाधिक POH आउटटर्न हासिल किया। मोतीबाग वर्कशॉप ने 490 कोचों का सर्वाधिक वार्षिक आवधिक अनुरक्षण आउटटर्न दर्ज किया। मोतीबाग वर्कशॉप को पहली बार CII की प्रतिष्ठित GreenCo Gold Rating भी मिली।

बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहे। स्कूली बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में देशभक्ति और प्रेरणादायी विषयों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। समूह नृत्य की शानदार प्रस्तुति ने वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।

समारोह में अपर महाप्रबंधक, प्रमुख विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि, रेलकर्मियों के परिजन, सेवानिवृत्त रेलकर्मी, मीडिया प्रतिनिधि और रेलवे स्कूल के बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अंत में महाप्रबंधक ने सभी से सेवा, संरक्षा, समर्पण और उत्कृष्टता के साथ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS