Explore

Search

September 8, 2026 9:18 am

हर घर तिरंगा अभियान के तहत एसईसीएल मुख्यालय में निकली भव्य तिरंगा रैली

अधिकारियों-कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर दिया राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश

CBN 36 बिलासपुर, 14 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान के तहत एसईसीएल मुख्यालय स्थित वसंत विहार कॉलोनी में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित रैली में एसईसीएल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

रैली को एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन तथा निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं भी रैली में शामिल हुए और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

डीएवी स्कूल से शुरू हुई रैली

तिरंगा रैली का शुभारंभ एसईसीएल डीएवी पब्लिक स्कूल, वसंत विहार से हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों ने देशभक्ति के नारों के साथ मार्च किया। रैली रवींद्र भवन, वसंत विहार पहुंचकर संपन्न हुई।

‘हर घर तिरंगा-हर दिल तिरंगा’ का लिया संकल्प

रैली के दौरान राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के साथ नागरिकों को उनके कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ‘हर घर तिरंगा-हर दिल तिरंगा’ के संकल्प को दोहराते हुए देश के प्रति गौरव, सम्मान और समर्पण की भावना व्यक्त की।

रैली से एसईसीएल मुख्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा। कार्यक्रम ने प्रतिभागियों में राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS