Explore

Search

September 28, 2026 10:41 pm

साइबर अपराध के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होगा ‘साइबर जागृति अभियान’

छत्तीसगढ़ पुलिस का सात सप्ताह का प्रदेशव्यापी जागरूकता अभियान, 2 अक्टूबर को होगा समापन

एसपी विजय पाण्डेय ने क्यूआर कोड स्कैन कर ली सेल्फी, सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

CBN36 जांजगीर-चांपा, 14 अगस्त 2026। साइबर अपराध के खिलाफ आम लोगों को जागरूक एवं सुरक्षित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जाएगा। सात सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से साइबर अपराध के प्रति जागरूकता बढ़ाना और छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी पहल करना है।

अभियान की मुख्य थीम ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ रखी गई है। इसके तहत प्रदेशवासी छत्तीसगढ़ पुलिस और संबंधित जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर जारी लिंक पर क्लिक अथवा क्यूआर कोड स्कैन कर जागरूकता संदेश वाले सेल्फी फ्रेम में अपनी सेल्फी लेकर उसे अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट करेंगे। इससे साइबर अपराध से बचाव का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

अभियान का शुभारंभ राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री द्वारा किया गया। वहीं जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने प्रेस वार्ता के दौरान अभियान की लिंक एवं क्यूआर कोड जारी कर शुभारंभ किया। एसपी पाण्डेय ने स्वयं क्यूआर कोड स्कैन कर सेल्फी ली और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने जिलेवासियों को अभियान की जानकारी देते हुए सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, संस्थानों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों, गणमान्य नागरिकों, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, प्रोफेशनल्स तथा कलाकारों से अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने की अपील की।

एसपी विजय पाण्डेय ने कहा कि जिस तरह देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट होकर खड़े हुए थे, उसी तरह साइबर अपराध के खिलाफ भी सभी को मिलकर नागरिकों को जागरूक और साइबर सुरक्षित बनाना होगा। उन्होंने आमजनों से ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ लेकर उसे सोशल मीडिया पर शेयर करने तथा साइबर अपराध रोकने में जांजगीर-चांपा जिला पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

सात सप्ताह में अलग-अलग विषयों पर होंगे कार्यक्रम

अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जांजगीर-चांपा जिला पुलिस द्वारा इसे व्यापक स्वरूप दिया गया है। सात सप्ताह में अलग-अलग वर्गों और संस्थानों को लक्षित कर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पहला सप्ताह: स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता और बुनियादी साइबर सुरक्षा पर जागरूकता।

दूसरा सप्ताह: बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों में वित्तीय धोखाधड़ी और यूपीआई सुरक्षा पर अभियान।

तीसरा सप्ताह: वरिष्ठ नागरिकों के साथ डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल के विषय पर टाउन हॉल।

चौथा सप्ताह: महिला कॉलेजों एवं सामुदायिक समूहों के बीच स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित ब्राउजिंग को लेकर जागरूकता।

पांचवां सप्ताह: रोजगार कार्यालयों, आईटीआई एवं कौशल विकास केंद्रों में युवाओं को जॉब फ्रॉड और फिशिंग से बचाव की जानकारी।

छठा सप्ताह: डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया की सीमाओं को लेकर जागरूकता अभियान।

सातवां सप्ताह: ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर साइबर मुक्त छत्तीसगढ़ का ‘संकल्प’ अभियान।

अभियान का समापन 2 अक्टूबर 2026, गांधी जयंती के दिन किया जाएगा। जिला पुलिस की टीमों और स्थानीय थानों द्वारा सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, पार्कों एवं बाजारों में पोस्टर-बैनर के माध्यम से क्यूआर कोड का प्रचार किया जाएगा। इसके अलावा राज्य एवं जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स और व्हाट्सऐप ग्रुपों में अभियान की लिंक साझा कर लोगों को सेल्फी लेने और सोशल मीडिया पर शेयर करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS