CBN36 रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरगुजा के ग्रामीण अंचलों से शैक्षणिक भ्रमण पर आए मेधावी छात्र-छात्राओं ने मुलाकात की। अंबिकापुर क्षेत्र के सात शासकीय विद्यालयों के करीब 50 विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय संवाद किया और उनके अनुभव, रुचियों तथा भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली।

मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण समय है। इस दौरान देखा गया सपना और उसे पूरा करने के लिए किया गया परिश्रम जीवन की दिशा तय करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए लगन, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सफलता केवल डॉक्टर या इंजीनियर बनने तक सीमित नहीं है। आज शिक्षा, विज्ञान, अनुसंधान, खेल, तकनीक, प्रशासन और उद्यमिता समेत हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर हैं। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रुचि पहचानकर सही लक्ष्य चुनना चाहिए और उसे हासिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ की विभिन्न प्रतिभाओं और उपलब्धि हासिल करने वाले व्यक्तित्वों के प्रेरक प्रसंग भी सुनाए।
ग्रामीण विद्यार्थियों को मिल रहे बेहतर अवसर
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ बनने के बाद प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विस्तार हुआ है। प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर के कई प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित हुए हैं। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों में नई जिज्ञासा पैदा होती है और उनके सपनों को नया विस्तार मिलता है। ग्रामीण अंचल के बच्चों को प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों से परिचित कराने की यह पहल सराहनीय है।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी बढ़ाया हौसला

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन पूरे जीवन की नींव होता है। उज्ज्वल भविष्य के लिए अनुशासन, परिश्रम और समय का सदुपयोग जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य पहचानने, ज्ञान अर्जित करने और व्यक्तित्व निर्माण पर ध्यान देने की अपील की।
आईआईएम, ट्रिपल आईटी समेत कई संस्थानों का भ्रमण
शैक्षणिक भ्रमण में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनकालों, बकिरमा, सुखरी, रामपुर, मेंड्राकला, करजी और शासकीय सेजेस केशवपुर के छात्र-छात्राएं शामिल रहे। विद्यार्थियों ने नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी), ट्राइबल म्यूजियम और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग कार्यालय समेत विभिन्न प्रमुख संस्थानों और स्थलों का भ्रमण किया।

इस दौरान विद्यार्थियों ने संस्थानों की शैक्षणिक गतिविधियों, अध्ययन के अवसरों और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी ली। राजधानी और नवा रायपुर के प्रमुख संस्थानों को करीब से देखने का अनुभव विद्यार्थियों के लिए उत्साहवर्धक रहा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
प्रधान संपादक



