Explore

Search

August 5, 2026 8:49 pm

48 घंटे में डबल चोरी का खुलासा: महिला समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, 2 लाख का माल बरामद

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के माध्यम से चोरी की हर घटना का त्वरित खुलासा कर आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की”

CBN36 रायगढ़, 5 अगस्त। रायगढ़ पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर दो अलग-अलग चोरी की वारदातों का पर्दाफाश कर एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 63,700 नकद, सोने का टॉप्स, पीतल का लोटा, रेंजर साइकिल, चोरी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, लोहे की रॉड समेत करीब 2 लाख की मशरूका बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में थाना चक्रधरनगर का निगरानी बदमाश शिवा सारथी भी शामिल है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में थाना चक्रधरनगर पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी से पहले इलाके की रेकी की और फिर दोनों वारदातों को अंजाम दिया। पिछले दो दिनों में रायगढ़ पुलिस द्वारा चोरी के पांच मामलों का सफल खुलासा किया जा चुका है।

पहली घटना सूर्या बिहार, कौहाकुंडा स्थित प्रोफेसर सरोज कुमार चंद्रा के घर की है, जहां पोर्च में खड़ी बच्चे की रेंजर साइकिल चोरी हो गई थी। वहीं दूसरी घटना दीनदयालपुरम कॉलोनी फेस-1 में हुई, जहां सूने मकान का ताला तोड़कर ₹70 हजार नकद, सोने का टॉप्स और पीतल का लोटा चोरी कर लिया गया। गृहस्वामिनी अपनी सास के निधन के कारण बाहर गई हुई थीं।

थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्ध महिला और पुरुष की पहचान शिवा सारथी और उसकी पत्नी पिंकी सारथी के रूप में हुई। इसी दौरान चोरी का सोने का टॉप्स बेचने की कोशिश की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर शिवा सारथी को हिरासत में लिया।

पूछताछ में शिवा ने अपने साथी कुश केरकेट्टा के साथ साइकिल चोरी तथा पत्नी पिंकी सारथी एवं प्रभात राय उर्फ सोनू बंगाली के साथ सूने मकान में चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों ने चोरी की रकम का आपस में बंटवारा कर लिया था और शेष राशि शराब व अन्य खर्चों में खर्च कर दी थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी, सोने का टॉप्स, पीतल का लोटा, रेंजर साइकिल, वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर और सीडी-100 एसएस मोटरसाइकिल, लोहे की रॉड सहित अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सिद्धांत येरेवार, पीएसआई मनीषा धुर्वे सहित थाना चक्रधरनगर की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS