नार्वे की प्रतिष्ठित संस्था ने साहित्य, शिक्षा, पत्रकारिता और हिंदी के प्रचार-प्रसार में योगदान के लिए किया सम्मानित
CBN36 वर्धा। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा को हिंदी भाषा के वैश्विक प्रचार-प्रसार, साहित्य, शिक्षा और पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘अंतरराष्ट्रीय प्रेमचंद सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया है। भारतीय-नार्वेजीय सूचना एवं सांस्कृतिक फोरम, नार्वे ने मुंशी प्रेमचंद की जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में 2 अगस्त को उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।
प्रो. कुमुद शर्मा को यह सम्मान विश्व स्तर पर हिंदी, भारतीय साहित्य और सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन में उनके बहुआयामी योगदान के लिए दिया गया है। उनके नेतृत्व में महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय ने भारतीय ज्ञान परंपरा, हिंदी, अनुवाद, शोध, प्रकाशन और अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सहयोग के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय पहल की हैं, जिन्हें देश और विदेश में सराहना मिली है।
भारतीय-नार्वेजीय सूचना एवं सांस्कृतिक फोरम वर्ष 1988 से भारत और नार्वे सहित विभिन्न देशों के बीच साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संवाद को मजबूत करने का कार्य कर रहा है। ओस्लो में स्थापित यह संस्था भारतीय भाषाओं, साहित्य और संस्कृति को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित करने के लिए निरंतर सक्रिय है। संस्था द्वारा दिया जाने वाला ‘अंतरराष्ट्रीय प्रेमचंद सम्मान’ उसके सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में माना जाता है।
सम्मान की घोषणा के बाद महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने इसे विश्वविद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे हिंदी जगत के लिए गौरव का क्षण बताया। उनका कहना है कि यह सम्मान हिंदी की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और भारतीय भाषा-संस्कृति के प्रति दुनिया की बढ़ती रुचि का प्रमाण है।
प्रधान संपादक



