
CBN36 रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने रात्रिकालीन पेट्रोलिंग के दौरान अवैध हथियार लेकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी कट्टा, एक जिंदा 8 एमएम कारतूस और चार खाली कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी वर्ष 2022 में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले में भी जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिलतरा पुलिस 4-5 अगस्त की दरमियानी रात क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम निमोरा के पंचायत भवन के सामने एक युवक अवैध हथियार लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सरफराज खान (30) बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा, एक जिंदा 8 एमएम कारतूस और चार खाली 8 एमएम कारतूस बरामद हुए। आरोपी हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिलतरा में अपराध क्रमांक 21/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

जांच में सामने आया कि सरफराज खान वर्ष 2022 में थाना मंदिर हसौद क्षेत्र में दर्ज हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के प्रकरण में भी गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया और प्रयागराज जिले का निवासी है, जबकि वर्तमान में ग्राम निमोरा, थाना सिलतरा में रह रहा था।
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जानकारी जुटाने के लिए उत्तर प्रदेश के बलिया और प्रयागराज पुलिस से संपर्क कर रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह कँवर, सउनि. कौशल मिर्झा, प्रधान आरक्षक कोमल वर्मा तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रधान संपादक



