“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई और चोरी गए माल की शीघ्र बरामदगी रायगढ़ पुलिस की पहली प्राथमिकता”
CBN36 रायगढ़। रायगढ़ जिले की भूपदेवपुर पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए चांदी के पायल, बिछिया और POCO कंपनी का मोबाइल फोन शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना क्षेत्र से बुलेट मोटरसाइकिल चोरी करने की वारदात भी स्वीकार की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भूपदेवपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार ग्राम डोंगाढकेल निवासी घनश्याम साहू ने 4 अगस्त को थाना भूपदेवपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3-4 अगस्त की रात अज्ञात चोर उसके घर से चांदी के पायल, बिछिया और POCO मोबाइल चोरी कर ले गया। घटना के बाद गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि उसने गांव के ही सनत कुमार उर्फ नानू साहू को घर का सामान बाहर फेंकते हुए देखा था। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी गांव छोड़कर छिपा हुआ था, लेकिन मुखबिर की सूचना और पुलिस की घेराबंदी के चलते गांव लौटते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि वह रात करीब दो बजे घर के मुख्य गेट से अंदर घुसा और आलमारी से चांदी के जेवर तथा मोबाइल चोरी कर पीछे के दरवाजे से फरार हो गया। आरोपी के कब्जे से चोरी गए करीब 30 हजार रुपये मूल्य के चांदी के पायल, बिछिया और POCO मोबाइल बरामद कर लिए गए।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने 4-5 जुलाई की रात सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना क्षेत्र से एक बुलेट क्लासिक-350 मोटरसाइकिल भी चोरी की थी, जिसे उसने मांड नदी किनारे झाड़ियों में छिपा दिया था। उक्त मोटरसाइकिल को चंद्रपुर पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है।
गिरफ्तार आरोपी सनत कुमार उर्फ नानू साहू (29 वर्ष), निवासी ग्राम डोंगाढकेल, थाना भूपदेवपुर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक, प्रधान आरक्षक संजय भूषण तिर्की, आरक्षक हरिशंकर नायक, प्रदीप तिवारी एवं संतोष जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई और चोरी गए माल की शीघ्र बरामदगी रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने आमजन से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
प्रधान संपादक



