Explore

Search

August 5, 2026 2:18 pm

100 सीसीटीवी फुटेज ने खोला मंदिर चोरों का राज, 48 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार,पूरा माल बरामद एसपी ने किया खुलासा

तीन मंदिरों से 16.60 लाख के सोने-चांदी के आभूषण, छत्र और दान पेटी चोरी; एक नाबालिग भी शामिल, पूरा माल बरामद

CBN36 जांजगीर-चांपा। जिले के तीन प्रमुख मंदिरों में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। साइबर टीम और थाना नवागढ़-बम्हनीडीह पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों और एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 16.60 लाख रुपये मूल्य के चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के छत्र, मुकुट, चक्र, दान पेटी और नकदी शत-प्रतिशत बरामद कर ली गई है। वारदात में इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक कटर और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

एसपी विजय पांडेय के अनुसार, 1-2 अगस्त की दरम्यानी रात बम्हनीडीह के रामजानकी मंदिर, नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम महत स्थित चंडी दाई मंदिर और ग्राम जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर में चोरी हुई थी। अज्ञात चोर चांदी के छत्र, मुकुट, सोने के आभूषण और दान पेटी लेकर फरार हो गए थे। तीनों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय स्वयं घटनास्थलों का निरीक्षण कर साइबर टीम और संबंधित थाना पुलिस को तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यार्क के मार्गदर्शन में गठित टीम ने घटनास्थलों और आसपास के मार्गों के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर चार युवक आते-जाते दिखाई दिए, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।

पूछताछ के दौरान पहले आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती और मनोवैज्ञानिक पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर प्रशांत पटेल के घर के पीछे गड्ढे में छिपाकर रखा गया चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लाखों रुपये के कर्ज में डूबे हुए थे। कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने घटना से एक दिन पहले तीनों मंदिरों की रेकी की और सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रशांत पटेल (23), प्रभात पटेल (18) और परमानंद पटेल (25) निवासी ग्राम घुटिया, थाना पामगढ़ शामिल हैं। इनके साथ एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक भी मामले में संलिप्त मिला है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS