CBN36 रायपुर, 2 अगस्त। रायपुर सिटी रीजन में जुलाई 2026 के दौरान बिजली खपत में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। ऊर्जा विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जून की तुलना में जुलाई माह में कुल बिजली खपत 31.91 प्रतिशत कम हुई। विभाग का कहना है कि उपलब्ध आंकड़े स्मार्ट मीटर को लेकर प्रचलित विभिन्न भ्रांतियों की पुष्टि नहीं करते।
आंकड़ों के अनुसार जून 2026 में कुल बिजली खपत 131.27 मिलियन यूनिट (एमयू) थी, जो जुलाई में घटकर 89.38 एमयू रह गई। विभाग के विश्लेषण में बताया गया है कि 600 यूनिट से अधिक बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या में 64.23 प्रतिशत और उनकी कुल बिजली खपत में 38.13 प्रतिशत की कमी आई। वहीं 401 से 600 यूनिट श्रेणी में उपभोक्ताओं की संख्या 33.99 प्रतिशत तथा बिजली खपत 32.58 प्रतिशत घटी।
ऊर्जा विभाग के मुताबिक राज्य शासन की हाफ बिजली बिल योजना का सकारात्मक प्रभाव भी उपभोक्ताओं के बिजली उपयोग में दिखाई दिया है। जून में 400 यूनिट तक बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 1,96,777 थी, जो जुलाई में बढ़कर 2,56,471 हो गई। इसके विपरीत 400 यूनिट से अधिक बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 1,20,615 से घटकर 60,921 रह गई, जो लगभग 50 प्रतिशत की कमी है।
विभागीय विश्लेषण में यह भी सामने आया कि 0 से 100 यूनिट श्रेणी में उपभोक्ताओं की संख्या 53.12 प्रतिशत तथा 101 से 200 यूनिट श्रेणी में 51.79 प्रतिशत बढ़ी है। अधिकारियों का मानना है कि गर्मी का मौसम समाप्त होने, एयर कंडीशनर एवं कूलर के उपयोग में कमी तथा ऊर्जा संरक्षण के प्रति बढ़ती जागरूकता ने भी बिजली खपत घटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ऊर्जा विभाग ने कहा कि रायपुर सिटी रीजन के आधिकारिक आंकड़े दर्शाते हैं कि जुलाई में बिजली की मांग कम हुई है और उपभोक्ताओं ने अपनी बिजली खपत को नियंत्रित किया है। विभाग के अनुसार यह बदलाव मुख्य रूप से मौसमी परिस्थितियों, ऊर्जा संरक्षण की प्रवृत्ति और राज्य शासन की जनहितकारी योजनाओं के प्रभाव का परिणाम है। साथ ही उपलब्ध तथ्यों के आधार पर स्मार्ट मीटर से जुड़ी विभिन्न भ्रांतियों की पुष्टि नहीं होती।
प्रधान संपादक



