Explore

Search

August 2, 2026 8:09 pm

ई. राघवेंद्र राव की 137वीं जयंती पर विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों मरीजों ने लिया लाभ

CBN36 बिलासपुर, 2 अगस्त। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ई. राघवेंद्र राव की 137वीं जयंती के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी परिवार, बिलासपुर द्वारा सीपत रोड स्थित सखी निवास, सरस्वती होम्स में एक दिवसीय विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों नागरिकों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श, जांच और नि:शुल्क दवाइयों का लाभ उठाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी गणेश शंकर मिश्रा थे। विशिष्ट अतिथियों में बिलासपुर विधायक सुशांत शुक्ला, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन के अध्यक्ष मुरली मनोहर खंडेलवाल, पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश वाजपेयी, वरिष्ठ नेता शिवा मिश्रा, कवर्धा जिला अध्यक्ष डॉ. नरेश यदु तथा कार्यक्रम की आयोजक एवं पूर्व महापौर वाणी राव शामिल रहीं।

मुख्य अतिथि गणेश शंकर मिश्रा ने ई. राघवेंद्र राव के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राघवेंद्र राव का जीवन राष्ट्रसेवा, स्वाभिमान और जनकल्याण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनकी जयंती पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है और ऐसे आयोजन समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का माध्यम बनते हैं।

शिविर में नेत्र रोग, अस्थि रोग, जनरल सर्जरी, मानसिक रोग, मेडिसिन, स्त्री रोग, शिशु रोग, नाक-कान-गला तथा डाइटिशियन विशेषज्ञों के साथ आयुष विभाग के चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। डॉ. एल.सी. मढ़ारिया, डॉ. विनोद तिवारी, डॉ. आर.ए. शर्मा, डॉ. आशुतोष तिवारी, डॉ. चंद्र किरण तिवारी, डॉ. राजेश्वरी उद्देश, डॉ. घनश्याम गंगवानी, डॉ. कासिम खान, डॉ. कुसुम राजपूत और डॉ. यशवंत सिंह सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सैकड़ों मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराईं।

कार्यक्रम में अनिल तिवारी, डॉ. उषा किरण वाजपेयी, डॉ. संध्या तिवारी, यश गोरहा, श्वेता पांडे, अशोक तिवारी, अनिल व्यास, रमाशंकर शुक्ल, राजेश जैन, अशोक वर्मा, डॉ. मधुलिका सिंह, डॉ. अमर सिंह, किरण शुक्ला, प्रवीण दीक्षित, राजेंद्र चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के सदस्य और आमजन मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS