CBN 36 जांजगीर-चांपा। बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस लेने, स्मार्ट मीटर हटाने और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को फिर से लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में आंदोलन की रूपरेखा की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अगस्त माह से कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने और बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस लेने की मांग को लेकर आम लोगों से आवेदन व विरोध पत्र भरवाएंगे। यह अभियान दो महीने तक चलेगा। इसके बाद जिले में एकत्रित आवेदन बिजली विभाग के कार्यालय में जमा कर कार्यालय का घेराव किया जाएगा और पावती ली जाएगी। इसके पश्चात प्रदेशभर से जुटाए गए आवेदनों के साथ मुख्यमंत्री निवास का घेराव भी किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में जांजगीर-चांपा विधायक अभ्यास कश्यप ने भाजपा सरकार पर बिजली उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जुलाई से घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 30 से 50 पैसे, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे तथा कृषि पंपों के लिए 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है। भाजपा सरकार बनने के बाद यह पांचवीं बार बिजली दरों में बढ़ोतरी की गई है और अब तक कुल 31.23 प्रतिशत की वृद्धि हो चुकी है।
विधायक ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पांच वर्षों में केवल 2 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई थी, जबकि 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना भी लागू थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में उपभोक्ताओं के बिजली बिल तीन से चार गुना तक बढ़कर आ रहे हैं।
उन्होंने स्मार्ट मीटरों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इनसे अधिक बिजली खपत दर्ज की जा रही है, जिसके आधार पर उपभोक्ताओं की सहमति के बिना अनुबंध भार बढ़ाया जा रहा है और अतिरिक्त अर्थदंड जोड़कर बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। उनके अनुसार अधिक बिजली बिल आने के तीन प्रमुख कारण हैं-बिजली दरों में वृद्धि, बिजली बिल हाफ योजना का बंद होना और स्मार्ट मीटरों द्वारा अधिक रीडिंग दर्ज किया जाना।
इस अवसर पर पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश शर्मा, नारायण सोनी, गिरधारी यादव, रफीक सिद्दीकी, नागेंद्र गुप्ता, सेवक बूटू देवांगन, भगवान दास गढ़वाल, शिशिर द्विवेदी, दुर्गा कुर्रे, सुनील साधवानी, रामविलास राठौर, राजकुमार सरोज और हरीश श्रीवास सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक



