पीएम मोदी ने युवाओं से किया नशे से दूर रहने का आह्वान, 100 रविवार तक जनजागरण अभियान चलाने की अपील
CBN36 वर्धा, 2 अगस्त 2026।भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में रविवार को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। विश्वविद्यालय के कस्तूरबा सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में कुलपति प्रोफेसर कुमुद शर्मा, अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कुलसचिव, वित्त अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने वर्चुअल संबोधन में युवाओं से नशा और ड्रग्स के खतरे को समझने तथा इससे दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संभव है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय नशा मुक्त अभियान के तहत काशी से पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है, जो एक सांस्कृतिक समर्पण का अभियान है और इसमें 125 से अधिक आध्यात्मिक संस्थानों के साथ कई गैर-सरकारी संगठन भी जुड़े हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज से शुरू हुआ ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ देश के हर युवा तक पहुंचने वाला अभियान है। उन्होंने आगामी 100 रविवार तक कला, संस्कृति, खेल, सेवा और आध्यात्मिक गतिविधियों के माध्यम से जनजागरण कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी, माई भारत और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं तथा एक करोड़ से अधिक युवा इसमें शामिल हो चुके हैं।

उन्होंने युवाओं को भारत की “अमृत पीढ़ी” बताते हुए कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की ऊर्जा, कल्पनाशक्ति और प्रतिभा की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के फोकस को भटकाता है, शरीर और मन दोनों को नुकसान पहुंचाता है तथा राष्ट्र की शक्ति को कमजोर करता है। इसलिए प्रत्येक युवा को नशे के चंगुल से बचाना जरूरी है।
प्रधानमंत्री ने शिक्षकों से भी अपील की कि वे पाठ्यक्रम की पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों से ड्रग्स के दुष्प्रभावों पर चर्चा करें और अपने-अपने परिसर में नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और संस्थानों के छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं।
सरकार द्वारा नशे के खिलाफ की जा रही कार्रवाई का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ड्रग्स के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और मिशन मोड में अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने सभी संगठनों से अगले 100 दिनों तक प्रत्येक रविवार को नशा मुक्ति संबंधी कार्यक्रम आयोजित करने और इस अभियान का नेतृत्व करने की अपील की।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र प्रयागराज, कोलकाता तथा सर्वज्ञ श्री चक्रधर स्वामी मराठी भाषा एवं तत्वज्ञान अध्ययन केंद्र के शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने भी वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की। आयोजन के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
प्रधान संपादक



