Explore

Search

August 2, 2026 8:06 pm

अग्रिम कर हस्तांतरण से छत्तीसगढ़ के विकास कार्यों को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

CBN36 रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को अग्रिम कर हस्तांतरण के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारी संघवाद की भावना को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि राज्यों की विकास आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समय से पहले कर हिस्सेदारी उपलब्ध कराना केंद्र सरकार की संवेदनशील, दूरदर्शी और विकासोन्मुखी सोच का परिचायक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को अग्रिम कर हस्तांतरण के तहत 3,602 करोड़ रुपये मिलने से प्रदेश में अधोसंरचना विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी। इससे सड़क, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल समेत विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। साथ ही विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।

विष्णु देव साय ने कहा कि केंद्र और राज्यों के बीच विश्वास, सहयोग और समन्वय की भावना विकसित भारत के निर्माण का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार राज्यों को सशक्त बनाने और उनकी वित्तीय क्षमता मजबूत करने के लिए प्रभावी निर्णय ले रही है।

मुख्यमंत्री ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से आभार जताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को और मजबूती देगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS