Explore

Search

August 1, 2026 1:58 pm

चीन सरकार की छात्रवृत्ति के लिए हिंदी विश्वविद्यालय के सात विद्यार्थियों का चयन

CBN36 वर्धा महाराष्ट्र । महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के सात विद्यार्थियों का चयन चीन सरकार की प्रतिष्ठित चाइना स्कॉलरशिप काउंसिल (सीएससी) की पूर्ण वित्तपोषित छात्रवृत्ति के लिए हुआ है। चयनित विद्यार्थी वर्ष 2026-27 में चीन के विभिन्न प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में नॉन-डिग्री जनरल स्कॉलर कार्यक्रम के तहत अध्ययन करेंगे। छात्रवृत्ति के तहत प्रत्येक विद्यार्थी को प्रतिमाह 3000 युआन (करीब 42 हजार रुपये) की आर्थिक सहायता भी मिलेगी।

विश्वविद्यालय के भाषा विद्यापीठ के अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा अध्ययन विभाग के चीनी भाषा स्नातक (2023-27) पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर की चीनी भाषा दक्षता परीक्षा एचएसके (HSK) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। सभी विद्यार्थी अगस्त में चीन के लिए रवाना होंगे, जबकि उनका शैक्षणिक सत्र एक सितंबर 2026 से शुरू होगा।

चयनित विद्यार्थियों में आशुतोष, ब्रजेश कुमार और सुदर्शन कुमार का चयन पेइचिंग लैंग्वेज एंड कल्चर यूनिवर्सिटी, सनोज कुमार का सेंट्रल चाइना नॉर्मल यूनिवर्सिटी, पूजा सैनी का तुंग हुआ यूनिवर्सिटी, अपूर्वा अभय तायडे का वुहान यूनिवर्सिटी तथा रितेश राज का शानशी यूनिवर्सिटी में अध्ययन के लिए हुआ है।

इस उपलब्धि पर चयनित विद्यार्थियों ने विभाग के प्रभारी डॉ. अनिर्बाण घोष एवं शोधार्थी इंद्रजीत मिश्र के साथ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। कुलपति ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विश्वविद्यालय की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और विदेशी भाषा अध्ययन में उत्कृष्टता का प्रमाण है। उन्होंने विद्यार्थियों से विदेश में अध्ययन के दौरान भारतीय संस्कृति, हिंदी भाषा और विश्वविद्यालय की गरिमा के श्रेष्ठ प्रतिनिधि बनने का आह्वान किया।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी इसी विभाग के पांच विद्यार्थियों का चयन इसी छात्रवृत्ति के तहत चीन के चार विश्वविद्यालयों में हुआ था। लगातार दूसरे वर्ष मिली इस सफलता से विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक पहचान और मजबूत हुई है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS