Explore

Search

July 29, 2026 9:02 pm

जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, मार्च 2027 तक सभी योजनाएं हों पूरी

“हर घर जल प्रमाणन, स्रोत सुदृढ़ीकरण और नियमित पेयजल आपूर्ति पर जोर, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की चेतावनी”

CBN36 बिलासपुर, 29 जुलाई। कलेक्टर एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत सभी योजनाओं को मार्च 2027 तक गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।

कलेक्ट्रेट के मंथन सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने 219 हर घर जल प्रमाणित योजनाओं का शीघ्र निरीक्षण, हस्तांतरण एवं शेष कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित भुगतान प्रकरणों का त्वरित निराकरण कर पात्र योजनाओं का भुगतान सुनिश्चित करने और हर घर जल प्रमाणन की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया।

उन्होंने अक्टूबर 2026 एवं मार्च 2027 की समय-सीमा वाली योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, विद्युत कनेक्शन सहित अन्य विभागीय मामलों का शीघ्र निराकरण तथा निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब रोकने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जल संकट संभावित गांवों में स्रोत सुदृढ़ीकरण, रिचार्ज संरचनाओं के निर्माण और बाढ़ से क्षतिग्रस्त योजनाओं की शीघ्र पुनर्स्थापना को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने पूर्ण योजनाओं का ग्राम पंचायतों को हस्तांतरण कर संचालन एवं संधारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।

बैठक में कार्यपालन अभियंता एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के सचिव रूपेश धनंजय ने विभागीय प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। कलेक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को 55 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन के मानक के अनुरूप सुरक्षित एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना है। सभी एजेंसियां बेहतर समन्वय के साथ लंबित कार्य समय-सीमा में पूर्ण करें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS