Explore

Search

July 29, 2026 6:07 pm

बिलासपुर को जाम से राहत की उम्मीद, 827 करोड़ की रिंग रोड परियोजना को जल्द मंजूरी दिलाने का आग्रह

CBN 36 नई दिल्ली/बिलासपुर। बिलासपुर शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव से राहत दिलाने के लिए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लगभग ₹827.20 करोड़ की लागत से प्रस्तावित चार-लेन रिंग रोड परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देने और निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया।

तोखन साहू ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ते यातायात के कारण रिंग रोड अब एक महत्वपूर्ण आवश्यकता बन गई है। प्रस्तावित परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130, NH-130A और NH-49 को आपस में जोड़ेगी। इसके निर्माण से भारी मालवाहक वाहनों का शहर के भीतर प्रवेश कम होगा, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि रिंग रोड बनने से औद्योगिक, व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही यात्रा समय घटेगा और बिलासपुर के शहरी विकास को भी गति मिलेगी।

मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री को बताया गया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से परियोजना का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR), ट्रैफिक सर्वे और ड्राफ्ट एलाइनमेंट तैयार करने का कार्य प्रगति पर है। इन प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर परियोजना को जल्द मंजूरी देने का अनुरोध किया गया।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख जताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया में तेजी लाने का आश्वासन दिया। परियोजना के पूरा होने पर बिलासपुर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ ही क्षेत्र के आर्थिक और आधारभूत विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS