Explore

Search

July 29, 2026 5:10 pm

गांधीनगर में पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग तेज, राष्ट्रीय अधिवेशन में 850 पत्रकारों ने लिया संकल्प

CBN36 गांधीनगर। अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति का राष्ट्रीय अधिवेशन गुजरात की राजधानी गांधीनगर स्थित उमिया फाउंडेशन सभागार में आयोजित हुआ। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए करीब 850 पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। अधिवेशन में पूरे देश में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

कार्यक्रम में गुजरात सरकार के कैबिनेट मंत्री कुँवरजी बावड़िया, राज्यमंत्री कांतिलाल अमरूतिया, विधायक धवलसिंह जाला, विधायक अरविंदभाई पटेल, आम आदमी पार्टी गुजरात प्रदेश अध्यक्ष इशुदान गढ़वी, पूर्व केंद्रीय मंत्री भरतसिंह सोलंकी और कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता मनहर पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्र पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है।

समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष जिग्नेश भाई कलावाडिया (पटेल) ने कहा कि पत्रकार समाज और लोकतंत्र के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून बनाया जाना समय की मांग है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष गोविंद शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार को जल्द पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस दिशा में कदम नहीं उठाया तो देशभर के पत्रकार दिल्ली में आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

राष्ट्रीय महासचिव महफूज़ खान ने कहा कि संगठन वर्ष 2014 से पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में तत्कालीन केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह को पत्रकारों पर हो रहे अत्याचार और फर्जी मुकदमों के संबंध में ज्ञापन भी सौंपा गया था। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य पत्रकारों की सुरक्षा के साथ निष्पक्ष और जनहितकारी पत्रकारिता को मजबूत करना है।

अधिवेशन में राष्ट्रीय पदाधिकारी राकेश प्रताप सिंह परिहार, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह, जयपुर से मनमोहन सिंह, मुंबई से दिलशाद खान, बिहार से मनोज सिंह और सुनील चौधरी सहित विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने पत्रकार सुरक्षा कानून के लिए राष्ट्रीय अभियान तेज करने, संगठन का राज्य एवं जिला स्तर पर विस्तार करने, पत्रकारों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण और डिजिटल पत्रकारों को संगठन से जोड़ने संबंधी प्रस्तावों को मंजूरी दी।

अधिवेशन के अंत में संगठन ने देशभर में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्र पत्रकारिता की रक्षा के लिए अभियान को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS