Explore

Search

July 26, 2026 3:40 pm

निर्माणाधीन ग्रेन एटीएम का संचालक खाद्य ने किया निरीक्षण

फरिहा आलम ने दिए गुणवत्ता और समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश, अन्नपूर्णा’ ग्रेन एटीएम से हितग्राहियों को मिलेगा त्वरित राशन”

CBN36 बिलासपुर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को अधिक पारदर्शी, आधुनिक और हितग्राही-केंद्रित बनाने की दिशा में बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में निर्माणाधीन ‘अन्नपूर्णा’ ग्रेन एटीएम का आज छत्तीसगढ़ शासन की संचालक खाद्य श्रीमती फरिहा आलम सिद्दीकी ने आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान श्रीमती सिद्दीकी ने कहा कि ग्रेन एटीएम शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से पात्र हितग्राहियों को अधिक पारदर्शी, सुविधाजनक और गरिमापूर्ण तरीके से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा सभी आवश्यक तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि ग्रेन एटीएम के संचालन के बाद हितग्राही मशीन के माध्यम से निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। जिस प्रकार एटीएम बूथ से किसी भी समय नकदी निकाली जा सकती है, उसी प्रकार ग्रेन एटीएम से भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत कभी भी राशन प्राप्त किया जा सकेगा। इससे खाद्यान्न वितरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी, समय की बचत होगी, मानव हस्तक्षेप कम होगा तथा वितरण में सटीकता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।

निरीक्षण के दौरान सहायक खाद्य अधिकारी राजीव लोचन तिवारी, जिला प्रबंधक नान नितिन दीवान, नगर निगम के अभियंता रमनदीप छाबड़ा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

संचालक खाद्य ने सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए ग्रेन एटीएम का निर्माण निर्धारित समय में पूरा कर आम नागरिकों को इसका लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS