Explore

Search

July 26, 2026 3:29 pm

बिहान की दीदियां उद्यमिता से बदल रहीं अपनी तकदीर

महिला स्व-सहायता समूह बना ग्रामीण विकास की प्रेरक मिसाल

CBN36 बिलासपुर। शासन की बिहान योजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल लगातार सफल हो रही है। विकासखंड मस्तुरी के ग्राम कछार स्थित वैष्णो देवी शक्ति महिला स्व-सहायता समूह इसका प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा है।

समूह की अध्यक्ष अपूर्वा तिवारी के नेतृत्व में महिलाएं क्लिनिकल एवं अन्य घरेलू उपयोग की सामग्री का निर्माण कर रही हैं। गुणवत्तापूर्ण और स्वच्छ उत्पादों के कारण स्थानीय बाजार में इनकी अच्छी मांग है, जिससे समूह की महिलाओं की आय में निरंतर वृद्धि हो रही है।

बिहान योजना के तहत समूह को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, विपणन और उद्यम विकास का मार्गदर्शन मिला। इसी सहयोग से महिलाओं ने अपने हुनर को व्यवसाय का रूप दिया और आज वे अपने उत्पादों की बिक्री स्थानीय हाट-बाजारों, मेलों तथा विभिन्न प्रदर्शनियों में भी कर रही हैं।

समूह की अध्यक्ष अपूर्वा तिवारी ने बताया कि पहले महिलाएं केवल घरेलू कार्यों तक सीमित थीं, लेकिन अब वे स्वयं उत्पाद तैयार कर उनका विपणन भी कर रही हैं। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे परिवार के साथ-साथ समाज में भी अपनी अलग पहचान बना रही हैं।

वैष्णो देवी शक्ति महिला स्व-सहायता समूह की सफलता यह साबित करती है कि शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण महिलाओं को सम्मानजनक आजीविका, आर्थिक आत्मनिर्भरता और सशक्त भविष्य की नई दिशा मिल रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS