Explore

Search

July 26, 2026 11:08 am

वार्षिक निरीक्षण में थाना प्रभारी व मोहर्रिर को फटकार, रिकॉर्ड और मालखाने की व्यवस्था सुधारने के निर्देश

CBN36 जशपुर। डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने थाना बगीचा का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शासकीय संपत्ति, रिकॉर्ड, मालखाना, कार्यालयीन व्यवस्था, थाना परिसर की साफ-सफाई और पुलिसिंग व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। रिकॉर्ड और जप्त सामग्री के रखरखाव में अव्यवस्था व कमियां मिलने पर थाना प्रभारी और मोहर्रिर को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ग्राम अपराध पुस्तिका, जरायम रजिस्टर, जप्त माल सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की गई। एसएसपी ने सभी रिकॉर्ड को अद्यतन रखने और प्रविष्टियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। थाना परिसर की स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष जोर देते हुए नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।

एसएसपी सिंह ने लंबित गंभीर अपराधों और शिकायतों की समीक्षा करते हुए उनका शीघ्र एवं नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए गुंडा-बदमाशों की नियमित चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी, प्रभावी गश्त और बीट पुलिसिंग को और सशक्त बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस मितान के साथ समन्वय बढ़ाने और जन चौपाल में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई करने, साइबर अपराधों के प्रति आम लोगों को जागरूक करने तथा तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग के निर्देश भी दिए गए।

एसएसपी ने थाना आने वाले फरियादियों के साथ विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार करने और उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अनुशासन, जवाबदेही और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए आम जनता के बीच विश्वास मजबूत करने का आह्वान किया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस कार्यालय जशपुर से उप निरीक्षक (स्टेनो) रामानंद बहिदार, रीडर मुकेश झा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS