Explore

Search

September 9, 2026 2:12 pm

48 घंटे में खुली देवरहट लूट की गुत्थी, चार आरोपी गिरफ्तार, चार नाबालिग पकड़े गए

CBN36 मुंगेली। लालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम देवरहट में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि चार विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई की रात ग्राम देवरहट निवासी धरमीन बाई और उनके पति नेतराम घर में सो रहे थे। रात करीब 12:30 बजे बाथरूम जाने के लिए बाहर निकलते ही 4-5 नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए। आरोपियों ने चाकू दिखाकर दोनों को बंधक बना लिया। विरोध करने पर नेतराम के सिर पर हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश महिला के शरीर पर पहने सोने-चांदी के आभूषण, नेतराम की सोने की माला, अंगूठी, घड़ी, मोबाइल और घर में रखे करीब 8 से 9 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में साइबर सेल और लालपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सोनू टंडन और देवी टंडन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने शैलेन्द्र टंडन, आर्यन जोशी उर्फ लेडी और चार नाबालिग साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच सोने की मंचली, 50 तोला चांदी का करधन, एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, चांदी की अंगूठी, सोने का पदुम, मोबाइल, 8650 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में पीपरखुंटा निवासी देवी टंडन (26), सोनू टंडन (23), शैलेन्द्र टंडन (18) और आर्यन जोशी उर्फ लेडी (18) शामिल हैं। चारों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया, जबकि चार नाबालिगों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS