बिलासपुर। रतनपुर थाना पुलिस ने बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक और एटीएम में सेंध लगाकर चोरी व तोड़फोड़ करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया स्टेबलाइजर, राउटर, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल तथा बैंक की दीवार, एटीएम और लॉकर तोड़ने में इस्तेमाल किए गए गैंती व टंगिया जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को बेलतरा ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई की शाम बैंक बंद करने के बाद सभी कर्मचारी घर चले गए थे। सोमवार सुबह बैंक खुलने पर पीछे की दीवार में सेंध लगी मिली। जांच में पता चला कि बैंक का राउटर और बाहर लगा स्टेबलाइजर चोरी हो गया है। वहीं बैंक के लॉकर और एटीएम को गैंती व टंगिया से तोड़ने का प्रयास किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जांच शुरू कराई। बैंक के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। मुखबिर की सूचना पर संदेही सुमेष कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया राउटर, स्टेबलाइजर, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, गैंती और टंगिया बरामद कर लिया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में सुमेष कश्यप उर्फ सोनू (29) निवासी नेवसा, सूरज कुमार विश्वकर्मा (26) निवासी गिधौरी, नवीन कुमार बैसवाड़े (28) निवासी नेवसा, खिकराम खैरवार उर्फ विक्की (25) निवासी गिधौरी तथा प्रकाश यादव उर्फ बौना (19) निवासी गिधौरी, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह तथा आरक्षक आकाश डोंगरे और देवानंद चंद्राकर की विशेष भूमिका रही।
प्रधान संपादक


