Explore

Search

July 9, 2026 8:14 pm

एसईसीएल की पांच खदानों को मिला 5-स्टार दर्जा, उत्कृष्ट खनन के लिए राष्ट्रीय सम्मान

बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की पांच खदानों को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए कोयला मंत्रालय की प्रतिष्ठित 5-स्टार रेटिंग मिली है। यह पहली बार है जब कंपनी की पांच खदानों को एक ही मूल्यांकन वर्ष में सर्वोच्च रेटिंग प्राप्त हुई है। इसे एसईसीएल के इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में माना जा रहा है।

5-स्टार रेटिंग प्राप्त करने वाली खदानों में सोहागपुर क्षेत्र की बंगवार और खैराहा भूमिगत खदान, जोहिला क्षेत्र की बेहराबांध भूमिगत खदान, हसदेव क्षेत्र की विजय वेस्ट भूमिगत खदान तथा भटगांव क्षेत्र की जगन्नाथपुर ओपनकास्ट परियोजना शामिल हैं।

कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग प्रणाली के तहत खदानों का मूल्यांकन सुरक्षित एवं वैज्ञानिक खनन, पर्यावरण संरक्षण, भूमि पुनर्वास, आधुनिक तकनीक के उपयोग, श्रमिक सुरक्षा एवं कल्याण, वैधानिक अनुपालन, सामाजिक उत्तरदायित्व और परिचालन दक्षता जैसे मानकों पर किया जाता है। इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खदानों को ही 5-स्टार रेटिंग प्रदान की जाती है।

एसईसीएल की चारों भूमिगत खदानों ने सुरक्षित संचालन, वैज्ञानिक खनन, उत्पादन दक्षता, श्रमिक कल्याण और पर्यावरणीय प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं जगन्नाथपुर ओपनकास्ट परियोजना ने ओवरबर्डन प्रबंधन, हरित विकास, जल संरक्षण और सुरक्षित उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज कीं।

एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि कंपनी की पांच खदानों को एक साथ 5-स्टार रेटिंग मिलना पूरे एसईसीएल परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अधिकारियों, कर्मचारियों, व्यावसायिक सहयोगियों और सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। सुरक्षित, सतत और पर्यावरण-अनुकूल खनन कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। आधुनिक तकनीकों और बेहतर खनन पद्धतियों के माध्यम से परिचालन उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करने के लिए एसईसीएल लगातार कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान भविष्य में भी जिम्मेदार और सतत खनन के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए कंपनी को प्रेरित करेगा। एसईसीएल का कहना है कि यह उपलब्धि कंपनी की सुरक्षा संस्कृति, परिचालन दक्षता, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS