Explore

Search

July 16, 2026 4:58 am

महिला सुरक्षा के लिए सभी विभाग मिलकर करें काम: एसएसपी शशिमोहन सिंह

मानव तस्करी रोकने, पीड़ितों के पुनर्वास और जागरूकता अभियान पर जोर

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा मानव तस्करी की रोकथाम के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिला स्तरीय महिला उत्पीड़न एवं अनैतिक व्यापार निवारण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में महिला उत्पीड़न, मानव तस्करी की रोकथाम, पीड़ितों के संरक्षण और पुनर्वास से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई।

एसएसपी सिंह ने कहा कि पंचायतों, स्कूल-कॉलेजों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही महिला अपराध और मानव तस्करी से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण और त्वरित विवेचना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पीड़ित महिलाओं और बच्चों को समय पर सहायता, परामर्श और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में पीड़ितों को सुरक्षित आश्रय, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, कौशल विकास और आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ने पर चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पीड़ितों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाकर उन्हें सम्मानपूर्वक मुख्यधारा से जोड़ा जाए। एसएसपी ने प्रत्येक माह समिति की नियमित बैठक आयोजित कर कार्यों की समीक्षा करने और सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, उप पुलिस अधीक्षक उन्नति ठाकुर सहित जिला पंचायत, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, आदिवासी विकास विभाग के अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS