Explore

Search

July 5, 2026 6:40 pm

308 विवेचकों को मिले मोबाइल, ई-साक्ष्य संकलन से विवेचना होगी अधिक प्रभावी

रायपुर। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर कमिश्नरेट रायपुर में विवेचना कार्य को तकनीकी रूप से अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। नवीन कानूनों के बेहतर क्रियान्वयन के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल फोन पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 308 विवेचकों को वितरित किए गए। मोबाइल फोन का वितरण पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने किया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन मोबाइल उपकरणों का उपयोग ई-साक्ष्य (इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य) के त्वरित एवं सुरक्षित संकलन, व्यवस्थित दस्तावेजीकरण तथा विभिन्न तकनीकी प्लेटफॉर्मों के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए किया जाएगा। इससे घटनास्थल पर साक्ष्य संकलन, फोटोग्राफी, ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग और डिजिटल रिपोर्टिंग की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और मानकीकृत होगी।

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने विवेचकों को निर्देशित किया कि वे मोबाइल फोन का उपयोग पूरी जिम्मेदारी के साथ करें तथा डिजिटल ऐप्स, ई-साक्ष्य संचालन प्रोटोकॉल और डेटा सुरक्षा से संबंधित निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक एवं तकनीक आधारित विवेचना से मामलों के निराकरण की गति तेज होगी और न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने वाले साक्ष्यों की विश्वसनीयता भी बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग पुलिस विवेचना की गुणवत्ता में सुधार लाने के साथ-साथ न्यायिक प्रक्रिया को भी अधिक सुदृढ़ और पारदर्शी बनाएगा।

यह पहल राज्य पुलिस मुख्यालय की डिजिटल सुदृढ़ीकरण नीति का हिस्सा है। इसके तहत पुलिसिंग व्यवस्था में आधुनिक तकनीक का समावेश कर विवेचना को अधिक दक्ष, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाने का लक्ष्य रखा गया है। मोबाइल वितरण के बाद विवेचकों के लिए प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता तथा डेटा सुरक्षा मानकों के पालन की नियमित मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS